नारायणपुरशिक्षा

कृषि की प्रयोगशाला में छात्राओं ने समझे सफलता के गुर

कृषि विज्ञान केंद्र के शैक्षणिक भ्रमण में आधुनिक खेती, जैविक पद्धति और स्वरोजगार की संभावनाओं से हुईं रूबरू

नारायणपुर, 15 सितंबर। खेती-किसानी में तेजी से हो रहे बदलाव और आधुनिक तकनीकों को करीब से समझने के उद्देश्य से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बंगलापारा नारायणपुर की छात्राओं ने कृषि विज्ञान केंद्र का शैक्षणिक भ्रमण किया। छात्राओं ने केंद्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों और कृषि प्रदर्शनों का अवलोकन कर वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों की बारीकियां जानीं।

उन्नत बीज से लेकर कीट प्रबंधन तक समझीं तकनीकें

भ्रमण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों ने छात्राओं को उन्नत कृषि तकनीक, फसल उत्पादन, मृदा स्वास्थ्य, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, उन्नत बीज, जैव उर्वरक तथा कीट एवं रोग प्रबंधन की जानकारी दी। इसके साथ ही कड़कनाथ एवं बटेर पालन, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन और खरपतवार नियंत्रण जैसी कृषि आधारित गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

खेत में जाकर देखा फसल प्रदर्शन

छात्राओं ने कृषि विज्ञान केंद्र के प्रक्षेत्र में धान, कोचई, जिमीकंद सहित विभिन्न फसलों और कृषि प्रदर्शनों का निरीक्षण किया। छात्राओं ने वैज्ञानिकों से खेती से जुड़े सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान जाना। वैज्ञानिकों ने बताया कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाकर किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल कर सकते हैं और अपनी आय बढ़ा सकते हैं।

खेती में रोजगार के भी अवसर

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्राओं को कृषि एवं इससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी गई। कृषि आधारित व्यवसायों के माध्यम से युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों के बारे में भी बताया गया। छात्राओं ने केंद्र की विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की और कृषि की आधुनिक तकनीकों को नजदीक से समझा।

पुस्तकीय ज्ञान के साथ मिला व्यावहारिक अनुभव

विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक एवं तकनीकी अनुभव प्रदान करते हैं। इससे विद्यार्थियों में कृषि, पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा वे कृषि क्षेत्र में मौजूद संभावनाओं को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं।

वैज्ञानिक ने किया प्रेरित

कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. दिब्येंदु दास ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नई तकनीकों को सीखने और कृषि क्षेत्र के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. हरेन्द्र टोंडे, इंद्रकुमार एवं राकेश साहू तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंगलापारा से श्रीमती चंद्रकला एवं सुश्री साधना कचलाम उपस्थित रहीं।

छात्राओं के लिए यह भ्रमण ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। उन्हें न केवल आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी मिली, बल्कि कृषि क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की नई संभावनाओं को समझने का अवसर भी मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button