नारायणपुर

नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

गुमशुदगी की रिपोर्ट से खुला गंभीर अपराध का मामला, सखी सेंटर में मिली बालिका के बयान के आधार पर दर्ज हुआ था केस; पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा

नारायणपुर। नाबालिग बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए नारायणपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना एडका क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम झारा निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग भतीजी के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में बालिका के नारायणपुर स्थित सखी सेंटर में होने की जानकारी मिली। बालिका से पूछताछ के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर थाना एडका में अपराध क्रमांक 07/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), 2012 की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ी जांच

विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता एवं उसके परिजनों के कथन दर्ज किए। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। जांच के दौरान ग्राम कुमगांव निवासी जागेश वड्डे (19 वर्ष), पिता मंगलू की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी के निर्देशन में पुलिस टीम की कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नारायणपुर श्री संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बेनूर श्री अविनाश कंवर के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी एडका श्री सुशील सोम एवं पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।

गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और उसे न्यायिक रिमांड के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस की अपील : बच्चों के विरुद्ध अपराध की सूचना तत्काल दें

नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नाबालिग बच्चों के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित की पहचान एवं गोपनीयता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button