तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदलेगा, मूल स्वरूप भी रहेगा यथावत
मुख्यमंत्री साय ने दूर किया भ्रम, प्रदेश के 38 स्थानों पर विकसित होंगे ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है। चौक के मूल स्वरूप से भी किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से इस संबंध में किसी भी प्रकार का भ्रम नहीं रखने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रदेश के 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित किए जाएंगे। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। इसका उद्देश्य चौक को ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा।
जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर सेवा संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इस अवसर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
दुर्ग में ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम, जारी होगी 32वीं किस्त
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इसी क्रम में गुरुवार को दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में वे शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी माताओं-बहनों को इस अवसर पर शुभकामनाएं दीं।
दुर्ग को विकास कार्यों की मिलेगी सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान दुर्ग जिले को विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सौगात भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ छत्तीसगढ़ के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री का संदेश साफ—नाम वही, स्वरूप वही; ‘सेवा ज्योति संकल्प’ से होगा विकास।




