117 साल की आस्था में गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे
गोल बाजार पहुंचे मुख्यमंत्री साय, विघ्नहर्ता के दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

रायपुर। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार सोमवार रात गणपति भक्ति में सराबोर नजर आया। 117 वर्षों से चली आ रही गणेशोत्सव की गौरवशाली परंपरा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल हुए। उन्होंने गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा विराजित भगवान श्री गणेश के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुकुट पहनाया, तिलक लगाया और उतारी आरती
मुख्यमंत्री साय ने गणेशोत्सव पंडाल में विराजित भगवान गणेश को मुकुट पहनाया और तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की। मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने विघ्नविनायक की आरती उतारी और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति तथा प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन के लिए आशीर्वाद मांगा। इस दौरान पूरा परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा।
बोले- गणेशोत्सव समाज को एक सूत्र में बांधने वाली परंपरा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान श्री गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में जोड़ने वाली हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक भी है। उन्होंने कामना की कि गणपति बप्पा की कृपा से छत्तीसगढ़ विकास और समृद्धि के पथ पर निरंतर आगे बढ़े तथा प्रदेश के प्रत्येक घर-परिवार में सुख और खुशहाली का वास हो।
117 साल से कायम है परंपरा
मुख्यमंत्री ने गोल बाजार में 117 वर्षों से निरंतर चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक मूल्यों के साथ किसी परंपरा को जीवंत बनाए रखना विशेष उपलब्धि है। ऐसी परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ती हैं।
भव्य प्रतिमा देखने उमड़ते हैं श्रद्धालु
गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति की ओर से पिछले 117 वर्षों से गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। यहां स्थापित होने वाली गणेश प्रतिमा अपनी भव्यता और आकर्षक स्वरूप के कारण गोल बाजार ही नहीं, बल्कि पूरे रायपुर में श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती है। गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ आत्मीय स्वागत
मुख्यमंत्री साय के गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की मंगलध्वनि और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को गजमाला पहनाकर स्वागत किया। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
150 साल पुराने हनुमान मंदिर में भी की पूजा
भगवान गणेश के दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री साय गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने राजधानी की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

