नारायणपुर

हजारों की भीड़ के साथ सड़कों पर उतरी भाजपा, नारायणपुर में गूंजे लोकतंत्र बचाओ के नारे

केदार कश्यप की मौजूदगी में निकली विशाल पदयात्रा, बोले— अबूझमाड़ का विश्वास लोकतंत्र के साथ; साप्ताहिक बाजार डोम से जिला भाजपा कार्यालय तक दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह

नारायणपुर। अबूझमाड़ की धरती पर बुधवार को लोकतंत्र के समर्थन में सियासी शक्ति प्रदर्शन का नजारा देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई के नेतृत्व में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत साप्ताहिक बाजार स्थित डोम में विशाल जनसभा हुई। इसके बाद हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक हाथों में भाजपा के झंडे और लोकतंत्र के संदेश लिखी तख्तियां लेकर नगर की सड़कों पर उतर पड़े। कैबिनेट मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप की मौजूदगी में निकली इस पदयात्रा के दौरान शहर में जगह-जगह नारों की गूंज सुनाई दी। डीजे पर बजते ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ गीत ने भी आयोजन को राजनीतिक रंग दिया। पदयात्रा का समापन जिला भाजपा कार्यालय में हुआ।

अबूझमाड़ का विश्वास लोकतंत्र के साथ : केदार कश्यप

जनसभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने कहा कि अबूझमाड़ और नारायणपुर की पहचान शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास से रही है। यहां की जनता का लोकतंत्र के प्रति विश्वास अटूट है। उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ का विश्वास लोकतंत्र के साथ है और यही विश्वास सामाजिक एकता तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति आस्था का प्रतीक है।

कश्यप ने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन चलाने की व्यवस्था नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकार, सम्मान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का आधार है। इसकी वास्तविक ताकत जनता के विश्वास और सक्रिय भागीदारी में निहित है। राजनीतिक मतभेद लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा हैं, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का उल्लेख किया। साथ ही कांग्रेस और विपक्षी दलों की भूमिका तथा एसआईआर को लेकर हो रहे विरोध पर भी अपनी बात रखी।

जागरूक नागरिक ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत : यशवंत जैन

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं बस्तर संभाग प्रभारी यशवंत जैन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक नागरिकों की भागीदारी और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान से सुनिश्चित होती है। लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और जनभागीदारी से संचालित होने वाली व्यवस्था है।

उन्होंने कहा कि समाज का प्रत्येक वर्ग जब लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनता है, तभी लोकतांत्रिक परंपराएं मजबूत होती हैं। लोकतंत्र की रक्षा और संवैधानिक व्यवस्था का सम्मान करना केवल राजनीतिक दलों का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है।

संध्या पवार ने दोहराई पार्टी की प्रतिबद्धता, नारायण मरकाम ने बताया अभियान का उद्देश्य

भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती संध्या पवार ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के प्रति प्रतिबद्ध है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष एवं पदयात्रा संयोजक नारायण मरकाम ने अभियान के उद्देश्य को जनजागरण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति लोगों की भागीदारी बढ़ाने से जोड़ा।

डोम से निकली पदयात्रा, नारों से गूंजते रहे नगर के प्रमुख मार्ग

जनसभा समाप्त होने के बाद साप्ताहिक बाजार स्थित डोम से विशाल पदयात्रा शुरू हुई। हाथों में भाजपा के झंडे और तख्तियां लेकर कार्यकर्ता नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। इस दौरान लोकतंत्र से जुड़े संदेशों और नारों के बीच कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। डीजे पर बजते ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ गीत के साथ पदयात्रा आगे बढ़ती रही और अंत में जिला भाजपा कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

आयोजन के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, जनभागीदारी और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों का रहा जमावड़ा

कार्यक्रम में जिला संगठन प्रभारी सुधीर पांडेय, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, बृजमोहन देवांगन, गौतम गोलछा, श्रीमती रमशीला नाग, संदीप कुमार झा, पंकज जैन, संतनाथ उसेंडी, प्रताप मंडावी, श्रीमती पिंकी उसेंडी, नरेश कोर्राम, जयप्रकाश शर्मा, प्रेमनाथ उसेंडी, प्रशांत सिंह, मंगदूराम नूरेटी, चैतराम कुमेटी, श्रीमती संगीता जैन, नानू नाग, कमल कोर्राम, लक्ष्मण साहू, मोती वड्डे, कमलजीत सिंह आहुजा, प्रभुलाल दुग्गा, जगन्नाथ यादव और सुकमन कचलाम सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और मातृशक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button