नारायणपुर | स्मार्ट शिक्षा की ओर बढ़ा एक और कदम, सेजेस महावीर चौक में शिक्षकों को मिला ICT प्रशिक्षण
डिजिटल बोर्ड और स्मार्ट लर्निंग टूल्स के उपयोग की दी जानकारी, तकनीक के जरिए कक्षाओं को रोचक व प्रभावी बनाने पर जोर

नारायणपुर। बदलते दौर में शिक्षा को तकनीक से जोड़ने की दिशा में सेजेस महावीर चौक नारायणपुर में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 6 अक्टूबर 2026 को सुबह 10.30 बजे आयोजित प्रशिक्षण में विद्यालय के समस्त शैक्षणिक कर्मचारियों को स्मार्ट क्लास एवं ICT (सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी) के प्रभावी संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार बागड़े के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को डिजिटल संसाधनों के उपयोग के लिए दक्ष बनाना तथा विद्यार्थियों के लिए तकनीक आधारित अध्यापन को अधिक प्रभावी बनाना रहा।

डिजिटल बोर्ड के उपयोग की समझी बारीकियां
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को डिजिटल बोर्ड, स्मार्ट लर्निंग टूल्स और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से जुड़ी विभिन्न बारीकियों की जानकारी दी गई। शिक्षकों को बताया गया कि डिजिटल संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर कठिन विषयों को भी विद्यार्थियों के सामने सरल, रोचक और दृश्य माध्यम से प्रस्तुत किया जा सकता है।
कक्षा में तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
प्रशिक्षण में स्मार्ट क्लास और ICT योजना के सुचारू संचालन के साथ-साथ तकनीक को नियमित अध्यापन प्रक्रिया से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। इससे विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षण के साथ डिजिटल एवं इंटरैक्टिव लर्निंग का अनुभव मिल सकेगा।
विद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य शिक्षकों की तकनीकी दक्षता बढ़ाकर कक्षाओं में आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को प्रभावी रूप से लागू करना है। ICT प्रशिक्षण को स्मार्ट शिक्षा की दिशा में विद्यालय का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



