नशे में स्टेयरिंग थामने वालों पर शिकंजा, 8 चालकों पर 90 हजार का जुर्माना
भरण्डा और देवगांव चौक पर ट्रक-हाइवा चालकों की जांच; ब्रीथ एनालाइजर में शराब सेवन की पुष्टि, न्यायालय ने लगाया अर्थदण्ड

नारायणपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए नारायणपुर पुलिस ने सख्ती दिखाई है। शराब पीकर मालवाहक वाहन चलाने वाले 8 चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां सभी पर कुल 90 हजार रुपए का अर्थदण्ड लगाया गया। पुलिस ने अंतागढ़ रोड स्थित भरण्डा चौक और कोंडागांव रोड स्थित देवगांव चौक पर जांच अभियान चलाकर ट्रक एवं हाइवा चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की थी।

दो प्रमुख मार्गों पर चला जांच अभियान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 को यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक मोहसिन खान के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम ने भरण्डा चौक और देवगांव चौक पर मालवाहक वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान खोड़गांव, अंजरेल माइंस और छोटे डोंगर माइंस में संचालित ट्रक एवं हाइवा वाहनों को रोककर चालकों की जांच की गई।
ब्रीथ एनालाइजर से जांच, 8 चालक मिले शराब के सेवन में
जांच के दौरान ब्रीथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से वाहन चालकों के शराब सेवन की जांच की गई। इसमें 8 चालक शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने सभी के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की। संबंधित प्रकरण न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जहां सभी 8 चालकों पर कुल 90 हजार रुपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया।
नशे में ड्राइविंग से दूसरों की जिंदगी भी खतरे में
पुलिस ने वाहन चालकों को आगाह किया है कि शराब अथवा किसी भी मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाना गंभीर लापरवाही है। नशे की हालत में चालक की निर्णय लेने और वाहन पर नियंत्रण बनाए रखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। इससे सड़क दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है और चालक के साथ अन्य राहगीरों तथा सड़क का उपयोग करने वाले लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
पुलिस की अपील—नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें
नारायणपुर पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि शराब या किसी अन्य मादक पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का पालन करें और अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें। पुलिस के अनुसार, जिले में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच एवं वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



