नारायणपुर

नारायणपुर में वनवासी विकास समिति का जिला सम्मेलन, जनजातीय नायकों के संघर्ष और इतिहास को किया याद

बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर गूंजा जनजातीय गौरव का संदेश

नारायणपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जन्म जयंती (जनजातीय गौरव दिवस) के अवसर पर वनवासी विकास समिति, जिला नारायणपुर की ओर से भव्य जिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों, जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, नगरवासियों और छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सम्मेलन में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में जननायकों के योगदान, संस्कृति के संरक्षण, शिक्षा के प्रसार और नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया गया।

जनजातीय इतिहास और बलिदान को किया याद

कार्यक्रम में पद्मश्री पंडीराम मंडावी, मुख्य वक्ता चन्द्रकुमार ध्रुव, जनजातीय मंत्रणा परिषद छत्तीसगढ़ के सदस्य रामनाथ कश्यप, गोंडवाना समाज नारायणपुर के अध्यक्ष रजऊ उसेंडी, हल्बा समाज के अध्यक्ष हीरालाल धनेलिया, वनवासी कल्याण आश्रम के पालक सिंगलु राम दुग्गा एवं अध्यक्ष राजमन मंडावी मंचासीन रहे।

जनजातीय मंत्रणा परिषद छत्तीसगढ़ के सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता रामनाथ कश्यप ने जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भगवान बिरसा मुंडा सहित उन जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद किया, जिन्होंने विदेशी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने युवाओं और आम नागरिकों से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को जानने तथा अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया।

पाषाण युग से दंडकारण्य तक का इतिहास सामने रखा

मुख्य वक्ता चन्द्रकुमार ध्रुव ने अपने संबोधन में जनजातीय समाज के गौरवशाली अतीत के साथ नारायणपुर के समृद्ध ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने पाषाण युग से लेकर ऐतिहासिक दंडकारण्य क्षेत्र तक जनजातीय समाज के योगदान और अंग्रेजों के विरुद्ध स्वतंत्रता संग्राम में वीर जननायकों के त्याग एवं संघर्ष की गाथाओं को सामने रखा।

वक्ताओं ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस की स्थापना का उद्देश्य जनजातीय समाज के योगदान और गौरवशाली विरासत को व्यापक पहचान दिलाना है। समाज के समग्र विकास, शिक्षा, संस्कृति और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

पद्मश्री पंडीराम मंडावी की कला को बताया संस्कृति की पहचान

गढ़बेंगाल की माटी से निकलकर काष्ठ शिल्प और पारंपरिक वाद्ययंत्र कला के माध्यम से देशभर में नारायणपुर का नाम रोशन करने वाले पद्मश्री पंडीराम मंडावी के योगदान को जनजातीय संस्कृति और कला की समृद्ध विरासत का उदाहरण बताया गया। वक्ताओं ने युवाओं से आधुनिक शिक्षा और तकनीक अपनाकर आगे बढ़ने के साथ अपनी माटी, बोली, रीति-रिवाज और परंपराओं को सहेजकर रखने की अपील की।

सम्मेलन में नशामुक्त समाज के निर्माण और शिक्षा के प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा गया कि यही धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जनजातीय नायकों की जीवनी पर लगी प्रदर्शनी

कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय जननायकों की जीवनी और उनके योगदान पर आधारित ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी भी लगाई गई। अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर जनजातीय इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के बारे में जानकारी प्राप्त की। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों, समाज प्रमुखों और जनप्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

जनप्रतिनिधियों और समाज प्रमुखों की रही मौजूदगी

सम्मेलन में जिला पंचायत नारायणपुर के अध्यक्ष नारायण मरकाम, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप मंडावी, सर्व आदिवासी समाज नारायणपुर के कार्यकारिणी अध्यक्ष सदाराम ठाकुर, जनपद पंचायत ओरछा के उपाध्यक्ष मंगडु नुरेटी, जिला पंचायत सदस्य संतनाथ उसेंडी, हीना नाग, शांति नेताम एवं प्रमिका कचलाम विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

इसके अलावा जितेंद्र देवांगन (देवांगन समाज), राजमन कोर्राम (प्रदेश मंत्री, अनुसूचित जनजाति मोर्चा), मोरध्वज दास मानिकपुरी, दीनानाथ राजपूत, जागेश्वर उसेंडी, स्वरूप हरि, खेमलाल नाग, मंगाऊ कावड़े, रैनी दुग्गा, भारती कुमेटी, बिन्देश्वरी देवांगन, रेखा राय, फूलमा कावड़े, गोपाल दुग्गा, लच्छन कांगे, सुकमन कचलाम, साधुराम पोटाई, सोमारु दुग्गा, गणेश देवांगन, राजाराम गावड़े, संतु शोरी, दीपक बघेल, अनूप कुमेटी एवं संतोष नुरेटी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button