नारायणपुर

संविधान के मूल्यों से रूबरू हुए विद्यार्थी, प्रस्तावना का किया सामूहिक वाचन

बालक उमावि में गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया संविधान दिवस; विद्यार्थियों ने समानता, स्वतंत्रता, न्याय और मौलिक कर्तव्यों पर रखे विचार

नारायणपुर, 26 नवंबर। बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देकर लोकतांत्रिक चेतना एवं जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सभा में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने संविधान के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए इसकी महत्ता को रेखांकित किया।

विद्यार्थियों ने संविधान के विभिन्न पहलुओं पर रखे विचार

कक्षा 12वीं कृषि के डेविड नेताम ने समानता के अधिकार, कक्षा 11वीं कला के प्रीतम कुमार ने संसदीय प्रणाली, कृशु नेताम ने संविधान निर्माण तथा डोमेंद्र साहू ने प्रारूप समिति की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं कक्षा 9वीं की धनेश्वरी ने मौलिक अधिकारों, कक्षा 11वीं वाणिज्य की विद्या सोनवानी ने मौलिक कर्तव्यों तथा कक्षा 11वीं विज्ञान की पुष्पा सलाम ने स्वतंत्रता एवं न्याय के संवैधानिक मूल्यों पर विचार साझा किए।

संविधान के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान

विद्यालय के प्राचार्य मनोज बागड़े ने अपने उद्बोधन में संविधान की महत्ता बताते हुए विद्यार्थियों से इसके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को जागरूक, जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ बनकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

इस अवसर पर सहायक शिक्षक सियाराम वर्मा ने संविधान के अर्थ को सरल शब्दों में समझाया। आईटी ट्रेनर भावना नाग ने संविधान निर्माण से जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रमों की जानकारी दी। सहायक शिक्षक पुष्कर नायक ने शिक्षा के अधिकार पर प्रकाश डाला, वहीं अंग्रेजी विषय की व्याख्याता श्वेता तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

पोस्टर और चित्रकला से दिखाई संवैधानिक समझ

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए संविधान विषय पर पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों और विचारों को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन व्याख्याता भुवेंद्र नेताम ने किया। आयोजन ने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक होने के साथ ही अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझने का अवसर प्रदान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button