जंगल में छिपा था माओवादियों का हथियारों का बड़ा खजाना! तीन गुप्त डंप से 280 BGL शेल्स बरामद, आत्मसमर्पित माओवादियों की सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा पर पुजारी कांकेर के घने जंगलों में चलाया गया तलाशी अभियान… PLGA बटालियन की पहली कंपनी से जुड़े थे विस्फोटक

नारायणपुर/भद्राद्री कोत्तागुडेम। तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे घने जंगलों में माओवादी संगठन की एक बड़ी गुप्त तैयारी का खुलासा हुआ है। आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर तेलंगाना पुलिस ने पुजारी कांकेर गांव के नजदीक जंगल में तलाशी अभियान चलाकर भाकपा (माओवादी) की PLGA बटालियन से जुड़े तीन गुप्त डंप बरामद किए हैं। इन डंपों में छिपाकर रखे गए कुल 280 बीजीएल (BGL) शेल्स पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को माओवादी संगठन के हथियारों और विस्फोटक सामग्री के गुप्त भंडार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

सिंटेक्स टैंकों में छिपाकर रखे थे 280 BGL शेल्स
भद्राद्री-कोत्तागुडेम पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से मिली विश्वसनीय सूचना के बाद चेरला पुलिस, स्पेशल पार्टी के जवानों और बीडी (BD) टीम ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया। तेलंगाना-छत्तीसगढ़ राज्य सीमा पर स्थित पुजारी कांकेर गांव के समीप वन क्षेत्र में तलाशी के दौरान तीन अलग-अलग डंप की पहचान की गई। प्रत्येक डंप में एक-एक सिंटेक्स वाटर टैंक ड्रम रखा गया था, जिनके भीतर BGL शेल्स छिपाकर रखे गए थे। पुलिस टीम ने सभी शेल्स को बाहर निकालकर गिनती की तो उनकी कुल संख्या 280 निकली।
बटालियन के विकेंद्रीकरण के दौरान छिपाया था विस्फोटक
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ये BGL शेल्स वर्ष 2025 की शुरुआत में भाकपा (माओवादी) PLGA बटालियन के विकेंद्रीकरण के दौरान छिपाए गए थे। बताया गया कि बरामद सामग्री PLGA बटालियन की पहली कंपनी से संबंधित थी। माओवादियों ने घने जंगल को सुरक्षित ठिकाना मानते हुए भविष्य की जरूरतों के लिए इन डंपों को तैयार किया था। संगठन की गतिविधियां दोबारा तेज होने की स्थिति में इन शेल्स का इस्तेमाल करने की मंशा से इन्हें गुप्त स्थानों पर सुरक्षित रखा गया था।
आत्मसमर्पण करने वालों की जानकारी से खुल रहे पुराने डंप
तेलंगाना पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2025 के अंतिम महीनों और 2026 की शुरुआत में बड़ी संख्या में माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि मानवीय दृष्टिकोण के साथ किए जा रहे पुनर्वास प्रयासों से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी संगठन के गुप्त ठिकानों और डंपों की जानकारी साझा कर रहे हैं। इसी सूचना तंत्र के आधार पर जंगलों में छिपाई गई सामग्री लगातार सामने आ रही है।
824 माओवादियों ने छोड़ा संगठन, पुनर्वास के लिए कई सुविधाएं
भद्राद्री-कोत्तागुडेम पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 से अब तक विभिन्न स्तरों के कुल 824 माओवादी कैडर तेलंगाना सरकार के समक्ष आत्मसमर्पण कर चुके हैं। सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वालों को नकद इनाम का भुगतान तत्काल किया जा रहा है। इसके अलावा आवास के लिए भूखंड, कृषि भूमि और स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत हेल्थ कार्ड दिए जा रहे हैं। वहीं, स्वरोजगार के इच्छुक लोगों को उनकी पसंद के क्षेत्र में कौशल प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे सम्मानजनक आजीविका के साथ समाज की मुख्यधारा में लौट सकें।
भूमिगत माओवादियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील
पुलिस ने अपने बयान में कहा है कि मुप्पल्ला लक्ष्मणराव उर्फ गणपति सहित कुछ अन्य माओवादी अभी भी भूमिगत हैं। तेलंगाना सरकार ने उनसे हिंसा का रास्ता छोड़कर जनजीवन की मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। पुलिस विभाग का कहना है कि बदलती परिस्थितियों में भूमिगत माओवादी आत्मसमर्पण कर पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं और तेलंगाना के विकास में भागीदार बनें।
भद्राद्री-कोत्तागुडेम पुलिस के इस अभियान से एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से मिल रही सूचनाएं जंगलों में वर्षों से छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री के भंडार तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।




