अबूझमाड़

नारायणपुर: चालचेर के जंगल में माओवादियों का हथियार डंप बरामद, SLR-INSAS समेत तीन हथियार मिले

आत्मसमर्पित माओवादी की निशानदेही पर चला सर्चिंग अभियान, ओरछा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता

नारायणपुर पुलिस और BSF की संयुक्त कार्रवाई; 104 कारतूस, पांच मैगजीन और संचार उपकरण भी जब्त

आत्मसमर्पित माओवादी की निशानदेही पर चला सर्चिंग अभियान, ओरछा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता

नारायणपुर। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) को बड़ी सफलता मिली है। थाना ओरछा क्षेत्र के चालचेर के जंगलों में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, कारतूस, मैगजीन, संचार उपकरण और अन्य नक्सल सामग्री बरामद की गई है। संयुक्त कार्रवाई में एक SLR राइफल, एक INSAS राइफल और एक देशी कट्टा सहित कुल तीन हथियार मिले हैं। यह कार्रवाई आत्मसमर्पित माओवादी कैडर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर की गई।

आत्मसमर्पित माओवादी से मिली थी अहम जानकारी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों के तहत 24 नवंबर को 86वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल और थाना ओरछा के जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम ने चालचेर के जंगलों में सर्चिंग अभियान चलाया। आत्मसमर्पित माओवादी कैडर से पूछताछ के दौरान जंगल में हथियारों और अन्य सामग्री छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें माओवादियों का छिपाया हुआ हथियार डंप बरामद हुआ।

हथियारों के साथ 104 कारतूस भी मिले

संयुक्त टीम को तलाशी के दौरान 7.62 एमएम की एक SLR राइफल, 5.56 एमएम की एक INSAS राइफल और एक देशी कट्टा मिला। इसके अलावा 7.62 एमएम के 52 और 5.56 एमएम के 52 कारतूस बरामद किए गए। दोनों हथियारों की कुल पांच मैगजीन भी मिली हैं, जिनमें SLR की दो और INSAS की तीन मैगजीन शामिल हैं।

संचार उपकरण भी बरामद

हथियारों और कारतूसों के अलावा सुरक्षा बलों को दो वॉकी-टॉकी रेडियो सेट (बाओफेंग कंपनी), एक अतिरिक्त बैटरी और एक लेजर पॉइंटर पेन भी मिला है। बरामद सामग्री को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में लिया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान

यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल एवं सीमा सुरक्षा बल के क्षेत्रीय मुख्यालय के उप महानिरीक्षक श्री देशमुख परिस अनिल के निर्देशन में संचालित किया गया। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार, श्री ऐश्वर्य चंद्राकर, 86वीं वाहिनी के समादेष्टा श्री धनंजय सिंह तथा छोटेडोंगर के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री मनोज मंडावी के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने लगातार अभियान

नारायणपुर पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा जिले में माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अंदरूनी क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगातार सर्चिंग एवं नक्सल विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं। चालचेर के जंगलों में हथियारों की यह बरामदगी सुरक्षा बलों के अभियान की महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button