नक्सलियों का जमीन में गड़ा खजाना बरामद, 39.77 लाख रुपए मिले
बीजापुर के बड़ेपल्ली जंगल में पुलिस का सर्चिंग अभियान; जमीन के भीतर स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखी थी नकदी

मुखबिर की सूचना पर DRG, भैरमगढ़ पुलिस और BDS टीम की संयुक्त कार्रवाई; 500-500 रुपए के नोटों में मिली पूरी रकम
बीजापुर। प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के बाद अब माओवादियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए डंप भी सामने आने लगे हैं। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेपल्ली गांव के समीप जंगल में पुलिस ने जमीन के भीतर छिपाकर रखी गई 39 लाख 77 हजार रुपए की नकदी बरामद की है। DRG, भैरमगढ़ थाना पुलिस और BDS टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह बड़ी बरामदगी हुई है।

मुखबिर की सूचना पर जंगल में सर्चिंग
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बड़ेपल्ली के जंगल में जमीन के अंदर संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बीजापुर उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर सर्चिंग अभियान की योजना बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भैरमगढ़ नवीन कुमार एक्का के नेतृत्व में DRG, थाना भैरमगढ़ पुलिस एवं BDS टीम को मौके पर रवाना किया गया।
जमीन खोदने पर मिला स्टील का डिब्बा
संयुक्त टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान BDS टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी की कार्रवाई करते हुए जमीन के भीतर दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया। डिब्बे के अंदर टेप से लिपटे कई पैकेट रखे हुए थे। जांच करने पर पैकेटों में 500-500 रुपए के नोट मिले।
नोटों की गिनती में निकले 39.77 लाख रुपए
पुलिस ने पैकेटों से कुल 39 लाख 77 हजार रुपए नकद बरामद किए। जंगल के भीतर जमीन में इस तरह छिपाकर रखी गई बड़ी नकदी की बरामदगी को संयुक्त अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
वैधानिक कार्रवाई जारी
नकदी बरामद होने के बाद थाना भैरमगढ़ में मामले को लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद रकम के संबंध में आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।



