नारायणपुर

एचआईवी/एड्स पर जागरूकता का संदेश, युवाओं को बताए बचाव के तरीके

छोटेडोंगर महाविद्यालय में एनएसएस और रेड रिबन क्लब का आयोजन, रंगोली, पोस्टर और क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

छोटेडोंगर। एचआईवी/एड्स को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और युवाओं को जागरूक बनाने के उद्देश्य से नवीन शासकीय महाविद्यालय छोटे डोंगर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों और सामाजिक भेदभाव से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।

संक्रमण से बचाव और जांच की दी जानकारी

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में चिकित्सा अधिकारी डॉ. समर्थ पारख एवं उप स्वास्थ्य केंद्र छोटे डोंगर के श्री दिनेश सेन उपस्थित रहे। डॉ. समर्थ पारख ने विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण फैलने और नहीं फैलने के माध्यमों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने सुरक्षित व्यवहार अपनाने, समय पर एचआईवी जांच कराने तथा संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव के बजाय सम्मान, संवेदनशीलता और सहयोग का भाव रखना चाहिए। समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

रंगोली, पोस्टर और क्विज से दिया जागरूकता का संदेश

रेड रिबन क्लब के अंतर्गत महाविद्यालय में रंगोली, पोस्टर एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक माध्यमों से एचआईवी/एड्स जागरूकता का संदेश दिया। प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य वक्ता डॉ. समर्थ पारख ने प्रोत्साहन राशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस दौरान विद्यार्थियों को रेड रिबन के महत्व और रक्तदान की उपयोगिता के बारे में भी बताया गया। साथ ही जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

महाविद्यालय परिवार की रही सहभागिता

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एवं संरक्षक बी.डी. चांडक, नोडल अधिकारी अविनाश कुमार सहारे (सहायक प्राध्यापक), सहायक नोडल अधिकारी जी.आर. श्याम (अतिथि व्याख्याता) तथा मंच संचालक रवि भारती (अतिथि व्याख्याता) सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

भेदभावमुक्त समाज निर्माण पर जोर

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति वैज्ञानिक समझ विकसित करने, रक्तदान के महत्व को समझाने और समाज में भेदभावमुक्त वातावरण तैयार करने का संदेश देना रहा। एनएसएस एवं रेड रिबन क्लब की इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button