वोट बचाओ-देश बचाओ की चौपाल से कांग्रेस ने छेड़ी मुहिम, गांव-गांव पहुंचाएगी वोट चोरी के आरोप
नारायणपुर में मंडल स्तर पर शुरू हुआ जनजागरण अभियान, भाजपा पर चुनावी धांधली और मतदाता सूची में हेरफेर के लगाए आरोप

बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग, SIR स्थगित करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की उठाई आवाज
नारायणपुर। लोकतंत्र में मताधिकार की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस ने अब नारायणपुर जिले में जनजागरण की मुहिम तेज कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चल रहे ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत जिले में मंडल स्तरीय चौपाल और नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव, बाजारों और वार्डों में पहुंचकर आम नागरिकों को कथित वोट चोरी और चुनावी धांधली के मुद्दों से अवगत करा रहे हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने देशभर में वोट चोरी के मुद्दे को लेकर व्यापक जन आंदोलन की शुरुआत की है। इसी कड़ी में 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की ओर से आयोजित जन आंदोलन में देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए थे। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशन में अब इस अभियान को जिला और मंडल स्तर तक पहुंचाया जा रहा है।
पांच क्षेत्रों में बनाए गए अभियान प्रभारी
जिला कांग्रेस कमेटी ने जिले के पांच ब्लॉक एवं नगर पालिका क्षेत्र में अभियान को गति देने के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की है। इसके तहत नगर पालिका क्षेत्र के लिए जिला महासचिव रवि देवांगन, ओरछा के लिए जिला उपाध्यक्ष तामेश उसेंडी, छोटे डोंगर के लिए जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नंदलाल जायसवाल, नारायणपुर ग्रामीण के लिए जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष गजा पटेल तथा कोहकामेटा के लिए जिला महासचिव संतोष राव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ओरछा से गौरदंड तक चौपाल, शहर के वार्डों में भी पहुंची मुहिम
अभियान के तहत 11 नवंबर को ओरछा और छोटे डोंगर के गौरदंड में मंडल स्तरीय चौपाल का आयोजन किया गया। वहीं 12 नवंबर, गुरुवार को नारायणपुर नगर पालिका क्षेत्र के बखरूपारा, नयापारा और मुरियापारा में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ चौपाल लगाई गई। यहां वार्डवासियों को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर चुनाव जीतने के लिए वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी करने के गंभीर आरोप लगाए।
चौपाल में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पहले ईवीएम मशीनों में छेड़छाड़, मशीन बदलने और फर्जी मतदान के जरिए चुनाव प्रभावित किए जाते थे, जबकि अब मतदाता सूची से वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाकर और कथित रूप से फर्जी नाम जोड़कर चुनावी धांधली की जा रही है। नेताओं ने बिहार चुनाव का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि आचार संहिता लागू रहने के दौरान चुनाव से तीन दिन पहले महिलाओं के बैंक खातों में हजारों रुपये की राशि अंतरित कर सीधे मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। मतदान के बाद मशीनें सीलबंद होने के बावजूद वोट प्रतिशत बढ़ने के मामले को भी कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल बताया।
राहुल गांधी ने उठाया वोट चोरी का मुद्दा, अब जनता के बीच पहुंच रही कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा की कथित वोट चोरी को उजागर करते हुए इस मुद्दे को देश के सामने रखा है। कांग्रेस अब इन आरोपों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों को लेकर जनता के बीच पहुंच रही है। पार्टी का कहना है कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इस अधिकार की रक्षा के लिए जनजागरण जरूरी है। इसी उद्देश्य से चौपाल और नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से आम लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
बैलेट पेपर से चुनाव कराने सहित तीन प्रमुख मांगें
वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के माध्यम से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव व्यवस्था की मांग उठाई है। कांग्रेस की प्रमुख मांगों में बैलेट पेपर से चुनाव कराना, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को स्थगित करना तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा शामिल है।
कांग्रेस का कहना है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और संदेह से परे होनी चाहिए। इसी मांग को लेकर नारायणपुर जिले में मंडल स्तरीय चौपालों का सिलसिला शुरू किया गया है। पार्टी की योजना इस अभियान को गांव-गांव, बाजारों और वार्डों तक पहुंचाकर आम नागरिकों को चुनावी अधिकारों के प्रति जागरूक करने की है।



