नारायणपुर

रावघाट खदान में परिवहन दरों पर संग्राम, स्थानीय वाहन मालिकों ने खोला मोर्चा

₹733 प्रति टन के नए टेंडर को बताया आर्थिक आत्महत्या, शुद्ध ₹910 प्रति टन भुगतान की मांग; 30 नवंबर तक फैसला नहीं तो आंदोलन का ऐलान

01 दिसंबर को स्टेट हाईवे पर चक्काजाम, 16 दिसंबर से उत्खनन और परिवहन सहित पूरी खदान बंद करने की चेतावनी

नारायणपुर/कांकेर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की रावघाट लौह अयस्क परियोजना में परिवहन के नए टेंडर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आगामी 24 महीनों के लिए जारी किए गए ₹733 प्रति टन के टेंडर के विरोध में स्थानीय आदिवासी एवं ग्रामीण वाहन मालिकों ने मोर्चा खोल दिया है। बूढ़ादेव अंजरेल माइंस श्रमिक विकास समिति और राजाराव ग्राम माइंस श्रमिक विकास समिति ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर टेंडर को स्थानीय वाहन मालिकों के लिए आर्थिक आत्महत्या बताते हुए तत्काल निरस्त करने की मांग की है। समितियों ने साफ चेतावनी दी है कि 30 नवंबर तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा।

कागजों में बढ़ी दर, लेकिन वाहन मालिकों को होगा नुकसान

समिति पदाधिकारियों के मुताबिक वर्तमान में संचालित इमरजेंसी टेंडर के तहत वाहन मालिकों को ₹707 प्रति टन की दर मिल रही है, जिसकी अवधि 15 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रही है। उनका दावा है कि डीजल, टायर, स्पेयर पार्ट्स, बीमा, चालक वेतन और बैंक ऋण की किस्तों सहित परिचालन खर्च के चलते मौजूदा दर पर भी प्रत्येक वाहन मालिक को प्रतिमाह ₹1,02,873.50 का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

वहीं, आगामी दो वर्षों के लिए रायपुर की कंपनी M/s Jai Ambey Industries Pvt. Ltd. को ₹733 प्रति टन की दर पर न्यूनतम बोलीदाता (L1) घोषित किया गया है। समितियों का कहना है कि पहली नजर में यह दर मौजूदा दर से ₹26 अधिक दिखाई देती है, लेकिन कंपनी के कमीशन, टैक्स और अन्य कटौतियों के बाद स्थानीय वाहन मालिकों के हाथ में लगभग ₹600 प्रति टन ही आएंगे। इस हिसाब से मौजूदा दर की तुलना में करीब ₹107 प्रति टन कम राशि मिलेगी।

पदाधिकारियों ने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी जमीन गिरवी रखकर और लाखों रुपये का कर्ज लेकर परिवहन के लिए वाहन खरीदे हैं। ऐसे में इतनी कम दर पर वाहनों का संचालन करना संभव नहीं है। इससे ग्रामीण वाहन मालिक आर्थिक संकट में फंस जाएंगे।

शुद्ध ₹910 प्रति टन भुगतान की रखी मांग

दोनों समितियों ने नए टेंडर को तत्काल निरस्त कर 15 दिसंबर 2026 तक नई शर्तों के साथ टेंडर जारी करने की मांग की है। उनकी प्रमुख मांग है कि सभी प्रकार की कटौतियों के बाद स्थानीय वाहन मालिकों को शुद्ध ₹910 प्रति टन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा स्थानीय समितियों की लिखित सहमति के बिना बाहरी ठेकेदारों के वाहनों और मशीनों को क्षेत्र में प्रवेश नहीं देने की मांग भी उठाई गई है। समितियों ने चेताया कि यदि जबरन बाहरी वाहनों को लाया गया और इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है तो इसकी जिम्मेदारी बीएसपी प्रबंधन, प्रशासन और संबंधित कंपनी की होगी।

30 नवंबर की समयसीमा, फिर दो चरणों में आंदोलन

समितियों ने बताया कि इस संबंध में रावघाट परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) को ज्ञापन सौंपकर शांतिपूर्ण समाधान की मांग की गई है। प्रबंधन को 30 नवंबर तक सकारात्मक निर्णय लेने का समय दिया गया है।

समितियों की चेतावनी के अनुसार, पहले चरण में 30 नवंबर तक टेंडर निरस्त नहीं होने और लिखित सहमति नहीं बनने पर 1 दिसंबर 2026 से केसीसीएल (KCCL) के सभी कार्य अनिश्चितकाल के लिए बंद कराए जाएंगे। साथ ही स्टेट हाईवे पर चक्काजाम किया जाएगा।

वहीं, दूसरे चरण में यदि 15 दिसंबर तक शुद्ध ₹910 प्रति टन की दर से नया टेंडर जारी नहीं किया गया तो 16 दिसंबर से रावघाट खदान के उत्खनन और परिवहन सहित समस्त कार्य अनिश्चितकाल के लिए बंद करने की चेतावनी दी गई है।

सड़क से अदालत तक लड़ाई की तैयारी

समितियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध केवल आंदोलन और चक्काजाम तक सीमित नहीं रहेगा। पदाधिकारियों ने रावघाट परियोजना के पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में स्थित होने का हवाला देते हुए पेसा कानून और ग्रामसभा की सहमति के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

उनका आरोप है कि खदान की शुरुआत स्थानीय रोजगार और पर्यावरणीय नियमों के पालन की शर्तों के आधार पर हुई थी, लेकिन वर्तमान में इन शर्तों का उल्लंघन किया जा रहा है। समितियों ने कहा कि यदि ग्रामीणों के हितों की अनदेखी जारी रही तो वरिष्ठ अधिवक्ताओं के माध्यम से नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी), हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में पहले से लंबित मामलों में हस्तक्षेप याचिका दायर कर पक्षकार बनेंगे। जरूरत पड़ने पर खदान की लीज और पर्यावरणीय स्वीकृति (ईसी) निरस्त कराने के लिए भी कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी।

संयुक्त प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में अध्यक्ष संतु राम उसेंडी, सचिव रामकुमार कुमेटी, कोषाध्यक्ष पारेश्वर दुग्गा, परिवहन अध्यक्ष लखन सिंह नुरेटी, परिवहन उपाध्यक्ष लखन लाल उसेंडी सहित रामसाय दुग्गा, जिला पंचायत सदस्य कमलेश्वरी नाग, संजीत कर्मकार, अंकालु दुग्गा, हेमू दुग्गा, दिगम्बर आमडे, नरसिंह मंडावी, आशीष दुग्गा, हरिकृष्ण गार्डी और ठनेश चंदेल उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button