नारायणपुर

मूसलाधार बारिश के बीच कलेक्टर-एसपी का मैदानी दौरा

जलभराव और उफनते नदी-नालों का लिया जायजा, जोखिम वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग के निर्देश

प्रशासन अलर्ट मोड पर: सड़क के ऊपर बहते पानी से वाहन नहीं निकालने की अपील, बच्चों-बुजुर्गों को तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की सलाह

नारायणपुर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर, जलभराव और सड़क मार्गों पर बह रहे पानी की स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चित्रकांत चाली ठाकुर ने विभिन्न क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नदी, नालों, तालाबों और जलभराव वाले स्थानों की स्थिति देखी तथा सुरक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

पालकी पहुंच मार्ग पर सड़क के ऊपर बह रहा पानी

निरीक्षण दल ने सबसे पहले पालकी पहुंच मार्ग का जायजा लिया। यहां खेतों के बीच से होकर गुजरने वाली सड़क के ऊपर पानी बहता मिला। मौके की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालक और राहगीर जोखिम वाले हिस्से से होकर आवागमन न करें।

कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से लोगों से अपील की कि सड़क के ऊपर तेज बहाव में पानी होने की स्थिति में किसी भी वाहन को पानी के बीच से पार कराने का प्रयास न करें। पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा नहीं होने के कारण ऐसी स्थिति दुर्घटना का कारण बन सकती है।

ब्रेहेबड़ा नाला उफान पर, पार नहीं करने की अपील

इसके बाद प्रशासनिक दल ने ब्रेहेबड़ा नाला पहुंचकर जलस्तर और बहाव की स्थिति का निरीक्षण किया। नाले में पानी का बहाव बढ़ा हुआ पाया गया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए नाले के ऊपर से बह रहे पानी को पार नहीं करने की अपील की।

प्रशासन ने विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को नदी-नालों तथा तेज बहाव वाले जलभराव क्षेत्रों से दूर रखने की सलाह दी है।

कुकुर नदी से लेकर तालाबों तक देखा जलस्तर

निरीक्षण दल ने डूमरतराई पहुंच मार्ग में निर्माणाधीन पुलिया के पास कुकुर नदी की स्थिति का भी जायजा लिया। इसके बाद टीम ने बंधवा तालाब होते हुए बखरूपारा स्थित गोटियारी तालाब पहुंचकर जलस्तर की स्थिति देखी। अधिकारियों ने इसके बाद एड़का सड़क का भी निरीक्षण किया और बारिश के कारण उत्पन्न परिस्थितियों का जायजा लिया।

प्रशासन की लोगों से अपील—सुरक्षा को दें पहली प्राथमिकता

कलेक्टर नम्रता जैन ने जिलेवासियों से लगातार बारिश को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और नदी, नाले तथा तेज बहाव वाले जलभराव क्षेत्रों के पास जाने से परहेज करें।

उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी जोखिम वाले स्थान पर पानी पार करने का प्रयास नहीं करें तथा बारिश के दौरान प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम अभयजीत मंडावी, तहसीलदार वेद प्रकाश साहू सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


बारिश में इन बातों का रखें ध्यान

नदी-नाले के पास न जाएं • जलभराव वाले मार्ग को पार न करें • बंद मार्ग पर वाहन न ले जाएं • बच्चों-बुजुर्गों को सुरक्षित रखें • अनावश्यक यात्रा से बचें • प्रशासन की अधिकृत सूचना पर ही भरोसा करें

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button