नारायणपुर

कुकड़ाझोर में मिशनरी पास्टर को हटाने की मांग, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

गोंडवाना समाज के माध्यम से प्रशासन से कार्रवाई की मांग; 5वीं अनुसूची क्षेत्र में प्रार्थना सभाओं और कथित मतांतरण की जांच की मांग

नारायणपुर। ग्राम कुकड़ाझोर में मिशनरी पास्टर के कथित रूप से रहकर धार्मिक गतिविधियां संचालित करने को लेकर ग्रामीणों ने गोंडवाना समाज, जिला नारायणपुर को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने पास्टर को गांव से हटाकर उनके मूल ग्राम बोरगांव भेजने तथा क्षेत्र में संचालित बताई जा रही प्रार्थना सभाओं एवं मतांतरण संबंधी आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

दो बैठकों में गांव छोड़ने की बात, ग्रामीणों का दावा—अब तक नहीं गए

ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए आवेदन के अनुसार, ग्राम कुकड़ाझोर में आयोजित दो सामाजिक बैठकों में मिशनरी पास्टर फूलसिंह, पिता सोमारू राम, जाति लोहार, निवासी बोरगांव, जिला नारायणपुर को उनके मूल गांव वापस जाने के लिए कहा गया था। आवेदन में ग्रामीणों ने दावा किया है कि बैठक के दौरान पास्टर ने गांव छोड़ने की बात स्वीकार की थी, लेकिन इसके बावजूद वे अब तक कुकड़ाझोर में रह रहे हैं।

रात में घर-घर जाकर प्रार्थना सभा कराने का आरोप

ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पास्टर द्वारा 5वीं अनुसूची क्षेत्र में रहकर रात के समय घर-घर जाकर प्रार्थना सभाएं आयोजित की जा रही हैं। ग्रामीणों ने इन गतिविधियों की प्रशासनिक जांच कराने की मांग की है।

10 परिवारों के मतांतरण का दावा

आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि कुकड़ाझोर के कुछ परिवार अपने मूल धर्म और संस्कृति में वापस लौटने के लिए तैयार थे। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें ऐसा करने से कथित तौर पर रोका गया। आवेदन में 10 परिवारों के ईसाई धर्म में मतांतरित होने का दावा किया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से गांव के सामाजिक माहौल और आपसी सौहार्द पर असर पड़ने की आशंका है।

गांव का पारंपरिक माहौल बनाए रखने की मांग

ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि पास्टर फूलसिंह को कुकड़ाझोर से हटाकर उनके मूल गांव बोरगांव भेजा जाए। साथ ही 5वीं अनुसूची क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों से जुड़े नियमों की जांच करते हुए बिना अनुमति संचालित बताई जा रही प्रार्थना सभाओं एवं चर्च संबंधी गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर से लेकर थाना और पंचायत तक भेजी ज्ञापन की प्रतियां

ग्रामीणों के आवेदन में ज्ञापन की प्रतियां कलेक्टर/जिलाधीश नारायणपुर, एसडीएम कार्यालय नारायणपुर, थाना कुकड़ाझोर तथा ग्राम पंचायत कुकड़ाझोर को दिए जाने का उल्लेख है। आवेदन पर ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी संलग्न हैं।

ग्रामीणों की ओर से लगाए गए मतांतरण और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र प्रशासनिक अथवा पुलिस पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। मामले में प्रशासनिक जांच और संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button