नारायणपुर

नो-एंट्री तोड़ी तो कार्रवाई, ट्रक चालकों पर पुलिस सख्त

नारायणपुर में यातायात सुधारने एएसपी ऐश्वर्य चन्द्राकर ने परिवहन संघ के साथ की बैठक, रेमावण्ड और गड़बेंगाल चौक पर पार्किंग को लेकर दिए कड़े निर्देश

नारायणपुर। शहर की सड़कों पर जाम, बेतरतीब पार्किंग और भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए नारायणपुर पुलिस ने सख्ती की तैयारी कर ली है। नो-एंट्री और वन-वे नियमों का उल्लंघन करने से लेकर नशे में वाहन चलाने तक, अब ऐसे मामलों में संबंधित चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने परिवहन संघ और ट्रक संचालकों को यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चन्द्राकर ने जिला परिवहन संघ के पदाधिकारियों और ट्रक संचालकों की बैठक लेकर शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने पर चर्चा की। बैठक में एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह, एसडीओपी बेनूर अविनाश कंवर, एसडीओपी छोटेडोंगर मनोज मण्डावी तथा यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक मोहसिन खान मौजूद रहे।

रेमावण्ड से गड़बेंगाल चौक तक पार्किंग पर नजर

बैठक में रेमावण्ड में सड़क के दोनों ओर मालवाहक ट्रक खड़े करने पर रोक का पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग से जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। वहीं, गड़बेंगाल चौक पर निर्धारित वन-वे व्यवस्था के अनुसार वाहनों की आवाजाही और पार्किंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

नशे में वाहन चलाया तो लाइसेंस पर भी कार्रवाई

पुलिस ने वाहन चालकों को शराब या अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी। नारायणपुर–कोंडागांव मार्ग पर वाहन चालकों की जांच की जा सकती है। नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर चालान, ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन सहित नियमानुसार कार्रवाई हो सकती है। परिवहन संघ ने भी ऐसे चालकों के खिलाफ अपने स्तर पर कार्रवाई और ब्लैकलिस्ट करने की बात कही।

रात में नागरिकों को परेशान करने पर भी चेतावनी

बैठक में कुछ वाहन चालकों द्वारा रात के समय शराब की तलाश में घूमने और घरों के दरवाजे खटखटाने संबंधी शिकायतों का भी उल्लेख किया गया। पुलिस ने चालकों को ऐसी गतिविधियों से दूर रहने और स्थानीय नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए।

निर्माणाधीन सड़कों पर धीमी गति, ट्रकों के बीच सुरक्षित दूरी

निर्माणाधीन सड़कों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने को कहा गया। साथ ही ट्रकों को समूह में एक साथ रवाना करने के बजाय क्रमबद्ध तरीके से चलाने और उनके बीच पर्याप्त सुरक्षित दूरी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क पर दबाव कम हो और दुर्घटनाओं की आशंका घटे।

बैठक में परिवहन संघ के पदाधिकारी किशोर आर्य, अमित भद्र, मरण शील, सुरेश यादव, मनीष शोरी, अरविंद वैष्णव, मनतोष साहू और सबू खान उपस्थित रहे।

पुलिस की अपील: यातायात नियमों, नो-एंट्री और वन-वे व्यवस्था का पालन करें। नशे में वाहन न चलाएं, निर्धारित स्थानों पर ही पार्किंग करें और आम नागरिकों की सुविधा व सुरक्षा का ध्यान रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button