नारायणपुर

बस्तर फाइटर बनने का सपना होगा साकार, युवाओं को मुफ्त ट्रेनिंग देगी पुलिस

माड़ परियोर अभियान शुरू; नारायणपुर, झारा और छोटेडोंगर में पहले चरण के शिविर, अंदरूनी क्षेत्रों के युवक-युवतियों को भी मिलेगा मौका

नारायणपुर। बस्तर फाइटर में भर्ती होकर पुलिस सेवा में शामिल होने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। नारायणपुर पुलिस ने युवाओं को भर्ती की तैयारी का अवसर देने के लिए ‘माड़ परियोर अभियान’ शुरू करने की पहल की है। इसके तहत युवक-युवतियों को शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि संसाधनों की कमी उनके रास्ते में बाधा न बने।

तीन स्थानों पर शुरू होंगे प्रशिक्षण शिविर

अभियान के प्रथम चरण में जिला मुख्यालय नारायणपुर, ग्राम झारा और ग्राम छोटेडोंगर में प्रशिक्षण शिविर शुरू किए जा रहे हैं। आगामी दिनों में बेनूर, कोहकमेटा और ओरछा में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी अपने संबंधित थाना अथवा पुलिस कैंप में संपर्क कर प्रशिक्षण का लाभ ले सकते हैं।

दौड़ से लेकर लिखित परीक्षा तक की तैयारी

प्रशिक्षण शिविरों में भर्ती प्रक्रिया के अनुरूप अभ्यर्थियों को तैयार किया जाएगा। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद और गोला फेंक सहित विभिन्न शारीरिक अभ्यास कराए जाएंगे। इसके साथ ही लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए विषयवार मार्गदर्शन भी दिया जाएगा, जिससे अभ्यर्थी भर्ती की चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना कर सकें।

अंदरूनी क्षेत्रों के युवाओं पर विशेष फोकस

नारायणपुर जिले के दूरस्थ और अंदरूनी इलाकों में रहने वाले युवक-युवतियों को इस अभियान से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस का प्रयास है कि उचित संसाधन, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन नहीं मिलने के कारण कोई भी प्रतिभाशाली युवा अवसर से वंचित न रहे। निःशुल्क प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को अपनी क्षमता निखारने और पुलिस सेवा में प्रवेश की तैयारी करने का अवसर मिलेगा।

एसपी ने युवाओं से की आगे आने की अपील

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने जिले के युवक-युवतियों से ‘माड़ परियोर अभियान’ से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ बस्तर फाइटर भर्ती की तैयारी करने तथा पुलिस सेवा में शामिल होकर क्षेत्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

नारायणपुर पुलिस का कहना है कि इस पहल के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को सही दिशा देने, उन्हें बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और भर्ती की तैयारी के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस का संदेश: “मेहनत आपकी, मार्गदर्शन हमारा—लक्ष्य बस्तर फाइटर।”

नारायणपुर पुलिस—आपका माड़ मित्र।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button