नारायणपुर में 28-29 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट, प्रशासन अलर्ट मोड पर
ऑरेंज अलर्ट के बीच कलेक्टर नम्रता जैन ने अधिकारियों को दिए सतर्कता और तैयारियों के निर्देश; आपात स्थिति से निपटने कंट्रोल रूम सक्रिय रखने पर जोर

नारायणपुर, 26 अक्टूबर 2026। उत्तरी आंध्र प्रदेश तट पर संभावित चक्रवात के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में बारिश की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार नारायणपुर जिले में भी 28 एवं 29 अक्टूबर को बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर के लिए जारी चेतावनी मानचित्र में नारायणपुर को ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखा है। संभावित बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है।
कलेक्टर नम्रता जैन ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलर्ट रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश
कलेक्टर ने जिला एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने तथा मौसम संबंधी सूचनाओं की लगातार निगरानी करने को कहा है। राजस्व, पुलिस, पंचायत, स्वास्थ्य और विद्युत सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने निचले और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों की पहचान करने, नदी-नालों एवं जलाशयों के जलस्तर पर नजर रखने तथा जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव दलों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रखने पर जोर दिया है। अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने और जनहानि रोकने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में बरतें सावधानी
संभावित बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने तथा गरज-चमक के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों पर खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से तेज बारिश के दौरान नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले रास्तों को पार करने का जोखिम नहीं उठाने की अपील की है। किसानों एवं ग्रामीणों को भी मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कृषि और अन्य बाहरी गतिविधियां संचालित करने की सलाह दी गई है।
चेतावनी पर रखें नजर, आपात स्थिति में यहां करें संपर्क
कलेक्टर नम्रता जैन ने नागरिकों से मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को मौसम संबंधी सूचनाएं समय पर आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
आपात स्थिति में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 07781-252214 पर संपर्क कर सूचना दी जा सकती है। जिला प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में तत्काल सूचना देने की अपील की है।



