नारायणपुर

बाजार कॉम्प्लेक्स से नालंदा लाइब्रेरी तक… कलेक्टर ने परखी शहर के विकास कार्यों की रफ्तार

जय स्तंभ चौक में बाजार कॉम्प्लेक्स के लिए जगह चिह्नित, पिकड़ी तालाब के स्वीकृत कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश; अतिक्रमण और सफाई व्यवस्था पर भी सख्ती

नारायणपुर। शहर की बाजार व्यवस्था से लेकर सार्वजनिक स्थलों के विकास और स्वच्छता प्रबंधन तक, अब व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। शुक्रवार को कलेक्टर नम्रता जैन ने नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, पार्षदों और अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कहीं बाजार कॉम्प्लेक्स के लिए जगह चिह्नित की गई, तो कहीं निर्माण कार्यों की प्रगति परखी गई। वहीं, पिकड़ी तालाब के स्वीकृत कार्य शीघ्र शुरू करने और शासकीय भूमि को अतिक्रमण से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

जय स्तंभ चौक में बाजार कॉम्प्लेक्स की तैयारी

निरीक्षण की शुरुआत जय स्तंभ चौक स्थित डेली मार्केट से हुई। यहां कलेक्टर ने बाजार की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने और आवागमन सुगम बनाने पर जोर दिया। जय स्तंभ चौक में बाजार कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए स्थल भी चिह्नित किया गया। इससे बाजार व्यवस्था को व्यवस्थित करने और सार्वजनिक स्थानों के बेहतर उपयोग की दिशा में पहल की उम्मीद है।

नालंदा लाइब्रेरी के निर्माण की परखी प्रगति

कलेक्टर ने निर्माणाधीन नालंदा लाइब्रेरी का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय विद्यार्थियों और युवाओं के लिए अध्ययन का बेहतर केंद्र साबित होगा। उन्होंने निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद तहसील कार्यालय, पुराने पुलिस थाना परिसर, पुराने सहकारिता एवं पंजीयन कार्यालय और पुराने आयुर्वेद अस्पताल का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

पिकड़ी तालाब के काम में अब देरी नहीं

पिकड़ी तालाब का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तालाब से संबंधित स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने और क्रियान्वयन में गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बाजारों में अतिक्रमण पर नजर

बखरूपारा स्थित बाजार स्थल और चिकन मार्केट का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने एसडीएम को बाजार क्षेत्र की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से सुरक्षित रखने और सार्वजनिक स्थलों का सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वच्छता दीदियों से संवाद, अतिक्रमण हटाने के निर्देश

एसएलआरएम (सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) सेंटर में कलेक्टर ने स्वच्छता दीदियों से चर्चा की और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कचरे के उचित संग्रहण, पृथक्करण और प्रबंधन के साथ सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वच्छता व्यवस्था के लिए नगर पालिका के अमले और स्वच्छता दीदियों के बीच समन्वय जरूरी है।

सेंटर के पास अतिक्रमण कर बनाए गए आहाते को हटाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

नागरिक सुविधाओं पर रहेगा जोर

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में विकास कार्यों के साथ स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं, शासकीय भूमि की सुरक्षा और बाजार व्यवस्था में सुधार पर लगातार ध्यान दिया जाए। सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, पार्षद संगीता जैन, संजय नन्दी, कमलापति मिश्रा, प्रवीण जैन, नेहा कश्यप, एसडीएम सुनील सोनपिपरे, तहसीलदार वेद प्रकाश साहू, नगर पालिका सीएमओ रामचंद्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button