
नारायणपुर। कोहकामेटा थाना क्षेत्र के ग्राम किहकाड़ में अवैध रूप से भरमार बंदूक बनाने और रखने के मामले में पुलिस ने दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियारों के साथ हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद कर जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर घर की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम किहकाड़ निवासी जयराम पोयाम उर्फ करवो अपने भाई रामू पोयाम के साथ मिलकर अवैध रूप से भरमार बंदूक का निर्माण कर रहा है और हथियार अपने पास रखे हुए है। सूचना की तस्दीक के लिए थाना प्रभारी कोहकामेटा विनोद पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम किहकाड़ पहुंची और संदिग्ध जयराम पोयाम के घर की घेराबंदी कर उसे पकड़ा।
पूछताछ के दौरान जयराम ने अपने भाई रामू के साथ मिलकर अवैध रूप से भरमार बंदूक बनाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार एवं हथियार निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद कर विधिवत जब्त की।
चार भरमार बंदूकें समेत सामग्री बरामद
पुलिस की कार्रवाई में चार भरमार बंदूकें बरामद हुई हैं। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों द्वारा तैयार किए जा रहे हथियारों का इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में किया गया था या नहीं।
आर्म्स एक्ट में अपराध दर्ज, न्यायालय में पेशी
मामले में कोहकामेटा थाने में अपराध क्रमांक 08/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने जयराम पोयाम उर्फ करवो (45), पिता सिधराय पोयाम तथा उसके भाई रामू पोयाम (21), पिता सिधराय पोयाम, दोनों निवासी ग्राम किहकाड़, थाना कोहकामेटा को 22 सितंबर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्या चंद्राकर एवं एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोहकामेटा विनोद पासवान के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियारों के निर्माण, संग्रहण और उपयोग के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




