भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से पूरे देश का गौरव जुड़ा है : पीएम नरेंद्र मोदी
बस्तर में बंदूक की जगह खेल के मैदान, भय और हिंसा की जगह विश्वास एवं विकास का नया वातावरण : नितिन नवीन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले—जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि हमारी सरकार का संकल्प; वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा—जनजातीय महापुरुषों की वीरगाथाओं और संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी
धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन, हजारों की संख्या में शामिल हुए जनजातीय समाज के लोग; मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सम्मानित जनजातीय विभूतियों का किया अभिनंदन, जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को किया पुरस्कृत
मांझी-चालकी पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस का वितरण
रायपुर/धरमजयगढ़, 15 नवंबर 2026। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में रविवार 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन हुआ। इस समारोह में वर्चुअल रूप से जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से पूरे देश का गौरव जुड़ा है। उनका जीवन और संघर्ष प्रत्येक देशवासी को प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस आज संपूर्ण देश का राष्ट्रीय उत्सव बन गया है। भगवान बिरसा मुंडा ने सदैव अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई और समाज के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री ने आदिवासी समाज के सफल उद्यमियों से संवाद कर उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की कहानी सुनी और उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते वर्षों में गरीबी उन्मूलन के प्रयासों से आदिवासी, अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग के परिवारों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं। प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और प्रयासों से देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का सबसे अधिक दंश आदिवासी समाज ने झेला है। इससे मुक्ति मिलने पर जनजातीय क्षेत्रों में विकास को और गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने पीएम जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के विकास के लिए संसाधनों की कमी नहीं है। जरूरत योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारकर पात्र परिवारों तक उनका लाभ पहुंचाने की है।
भगवान बिरसा मुंडा का जीवन समाज को एकजुट रहने, अपनी संस्कृति और पहचान पर गर्व करने तथा अन्याय के विरुद्ध साहसपूर्वक खड़े होने का संदेश देता है। अंग्रेजी शासन के शोषण के विरुद्ध उनका ‘उलगुलान’ जनजातीय स्वाभिमान और अधिकारों के संघर्ष का प्रतीक बना। प्रकृति के प्रति सम्मान, जल-जंगल-जमीन का संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनकी विरासत नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़कर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
नितिन नवीन बोले—जनजातीय समाज भारत की संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रहरी
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महान जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने तथा उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। नवीन ने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों, बलिदानियों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति की पावन धरती है। उन्होंने कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने की थी, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण वे उपस्थित नहीं हो सके।
नवीन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भव्य आयोजन के लिए विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान मिल रहा है। मुख्यमंत्री साय सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ प्रदेशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह ने पूरे छत्तीसगढ़ में गौरव और आत्मसम्मान का वातावरण निर्मित किया है।
नवीन ने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक सहित देश के महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज सदैव भारत की संस्कृति, सभ्यता, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रहरी रहा है। प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने की जनजातीय परंपरा आज पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के गोंड, उरांव, कंवर, बैगा, कमार, हल्बा, मुरिया और माड़िया सहित सभी जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि इन समुदायों की लोककलाएं, लोकनृत्य, पर्व और परंपराएं छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान हैं। बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति को देश-दुनिया में नई पहचान मिल रही है।
नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तीकरण और विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं में प्रमुख स्थान दिया है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का विराजमान होना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और लगभग 24 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान वाली पीएम-जनमन योजना के माध्यम से जनजातीय बहुल गांवों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय समाज को विकास योजनाओं का लाभ देने के साथ ही नेतृत्व के अवसर भी प्रदान किए हैं। छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय और ओडिशा में मोहन चरण मांझी का मुख्यमंत्री के रूप में नेतृत्व करना इसका महत्वपूर्ण उदाहरण है।
बस्तर में बंदूक की जगह खेल के मैदान, भय और हिंसा की जगह विश्वास एवं विकास
नवीन ने बस्तर में आ रहे सकारात्मक परिवर्तन की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को निर्णायक सफलताएं मिली हैं। उन्होंने नक्सली हिंसा में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। नवीन ने कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उन्हें नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलवाया था। उन परिवारों की पीड़ा, आंसू और संघर्ष को देखकर उन्हें इस अभियान की कठिनाइयों का गहराई से एहसास हुआ। नक्सलवाद के विरुद्ध यह संघर्ष केवल हिंसा समाप्त करने का नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और शांति लौटाने का संकल्प है।
नवीन ने कहा कि बस्तर के जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहां आज खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं। बच्चे और युवा शिक्षा, खेल तथा कौशल के माध्यम से अपने सपनों को नई उड़ान दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर के युवाओं के हाथों में बंदूक के स्थान पर खेल का सामान और हिंसा के स्थान पर नई उम्मीदें देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जब बंदूक की जगह खेल का मैदान लेता है, हिंसा की जगह शिक्षा लेती है और भय की जगह विश्वास पैदा होता है, तब उस क्षेत्र के विकास को कोई रोक नहीं सकता। आज बस्तर के युवा इसी सकारात्मक परिवर्तन के प्रतीक बन रहे हैं।
नवीन ने कहा कि वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक में डेढ़ लाख से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी ने बस्तर के युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को नई पहचान दी। इसी प्रकार शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्रदेश के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के 408 विद्यार्थियों ने नीट तथा लगभग 346 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की। प्रदेश में संचालित 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का जनजातीय समाज विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास पहुंचाना हमारी सरकार का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा सहित हमारे महान जनजातीय जननायकों ने जिस स्वाभिमानी, सशक्त और समृद्ध समाज का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री साय ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तथा तीर-धनुष एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जनजातीय समाज के लोगों का उत्साहवर्धन किया। साय ने इस अवसर पर जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, कला और संस्कृति के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित विभूतियों श्रीमती बुधरी ताती, जागेश्वर यादव एवं पंडी राम मंडावी का अभिनंदन कर उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने जनजातीय नृत्य पर आधारित प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री साय ने जनजातीय समाज के पारंपरिक प्रमुखों का सम्मान करने के साथ ही मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का वितरण किया। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में वर्ष 2024 में जशपुर तथा वर्ष 2025 में सरगुजा में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया गया था। सरगुजा में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति रही थी। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष धरमजयगढ़ में तीसरा भव्य आयोजन किया गया है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय विकास को नई दिशा, 6,691 गांवों तक पहुंच रही सुविधाएं
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनजातीय समाज के कल्याण, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका जैसी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के माध्यम से भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में हो रहा परिवर्तन केवल सड़क, बिजली और अन्य अधोसंरचनाओं के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के जीवन में विश्वास, सुरक्षा और नई संभावनाओं का संचार कर रहा है। उन्होंने जनजातीय समाज से अपनी सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और सामाजिक एकता को बनाए रखने तथा धर्मांतरण के विषय में सजग रहने का भी आह्वान किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समारोह में किसानों के हित में राज्य सरकार के महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि मिलेगी। इससे विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को लाभ होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 15 नवंबर से प्रदेशभर में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए राज्य सरकार ने 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। उन्होंने कहा कि नए उपार्जन केंद्रों से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और केंद्रों में अनावश्यक भीड़ तथा लंबी कतारों से राहत मिलेगी। राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, कृषि लागत में राहत देने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की खुशहाली ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि का आधार है।
सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का किया आह्वान : वनमंत्री केदार कश्यप
राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। यह हम सभी के लिए हर्ष और गौरव का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पहचान दिलाने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है।
वन मंत्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज देश भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मना रहा है। पहले जनजातीय महापुरुषों की जयंती सीमित और सांकेतिक रूप से मनाई जाती थी, लेकिन आज उनके शौर्य, संघर्ष और बलिदान को पूरा देश याद कर रहा है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने जनजातीय समाज से आह्वान किया कि भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के सभी जनजातीय महापुरुषों की वीरगाथाओं और संघर्ष की कहानियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने विदेशी आक्रांताओं, मुगलों और अंग्रेजों के विरुद्ध साहस के साथ संघर्ष किया तथा अपनी संस्कृति, देश और मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वस्व न्योछावर कर दिया। हमारे पूर्वजों का रक्त हमारी धमनियों में प्रवाहित हो रहा है। इसलिए उनके आदर्शों और उद्देश्यों को जीवित रखना हम सभी का दायित्व है।
वन मंत्री कश्यप ने जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक आस्थाओं के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने समाज से अपनी परंपराओं, मान्यताओं और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों को समृद्ध विरासत सौंपने का आह्वान किया। छत्तीसगढ़ के जनजातीय वीरों को याद करते हुए उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गेंद सिंह और वीर गुंडाधुर सहित अनेक महान सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के दिखाए मार्ग पर चलकर हमें अपने प्रदेश और क्षेत्र को विकसित बनाने में योगदान देना चाहिए।
वन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज कभी नक्सलवाद के साथ नहीं, बल्कि लोकतंत्र और भारत की एकता के साथ खड़ा रहा है। आज नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलता इस बात का प्रमाण है कि जनजातीय समाज शांति, विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखता है। अंत में उन्होंने सभी समाजजनों से जनजातीय महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने, अपनी संस्कृति और विरासत को संरक्षित रखने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
समारोह में जनप्रतिनिधि और जनजातीय समाज के पदाधिकारी रहे उपस्थित
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह एवं लक्ष्मी वर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग, पद्मश्री सम्मानित श्रीमती बुधरी ताती, जागेश्वर यादव एवं पंडी राम मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, जनजातीय समाज के प्रमुख और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



