नारायणपुर

बाल दिवस पर छात्राओं के बीच पहुंचीं जिला पंचायत सदस्य हीना नाग, खीर-पूड़ी परोसी, चॉकलेट बांटकर साझा की खुशियां

बेलगांव के शासकीय कन्या छात्रावास में छात्राओं के साथ मनाया बाल दिवस; पढ़ाई के साथ बड़े सपने देखने और आत्मविश्वास से आगे बढ़ने का दिया संदेश

बच्चों के बीच बैठकर किया भोजन, छात्राओं के स्नेह और अपनत्व ने बनाया पल को यादगार

नारायणपुर। बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने और उनके साथ खुशियां साझा करने की एक आत्मीय पहल देखने को मिली। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीना नाग ने ग्राम बेलगांव स्थित शासकीय कन्या छात्रावास पहुंचकर छात्राओं के साथ बाल दिवस मनाया। इस दौरान उन्होंने न केवल बच्चियों को शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया, बल्कि उनके बीच बैठकर भोजन भी किया। छात्राओं के साथ बिताए इन आत्मीय पलों ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

पंडित नेहरू के छायाचित्र पर किया माल्यार्पण

कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं बच्चों के प्रिय चाचा पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इस अवसर पर हीना नाग ने पंडित नेहरू के जीवन, विचारों और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह को याद करते हुए बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

शिक्षा को बताया सफलता की सबसे मजबूत सीढ़ी

छात्राओं को संबोधित करते हुए हीना नाग ने कहा कि बच्चे केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे अनमोल पूंजी भी हैं। शिक्षा वह सबसे मजबूत माध्यम है, जिसके सहारे जीवन में सफलता हासिल कर परिवार, समाज और देश का नाम रोशन किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, बड़े सपने देखने और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

खीर-पूड़ी और चॉकलेट से बांटी खुशियां, बच्चियों के साथ किया भोजन

बाल दिवस के अवसर पर छात्राओं के लिए स्नेहपूर्वक खीर-पूड़ी का भोजन तैयार कराया गया तथा चॉकलेट वितरित कर खुशियां साझा की गईं। कार्यक्रम का सबसे भावुक और यादगार क्षण वह रहा, जब जिला पंचायत सदस्य हीना नाग ने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे आत्मीय संवाद किया। बच्चियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था।

उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की जिम्मेदारी केवल परिवार या शिक्षण संस्थानों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने का अवसर मिले और उसके सपनों को उड़ान मिल सके, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

क्षेत्र क्रमांक-02 बोरंड की जिला पंचायत सदस्य हैं हीना नाग

उल्लेखनीय है कि श्रीमती हीना नाग जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-02 बोरंड की निर्वाचित सदस्य हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, छात्रावास अधीक्षिका, ग्राम की मातृशक्तियां एवं माताएं सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। बच्चों के बीच स्नेह, अपनत्व और उत्साह के वातावरण में बाल दिवस का कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button