अबूझमाड़

नक्सल मुक्ति के बाद भी जंगलों में जारी सर्च अभियान, डीआरजी को मिली मशीनों और तकनीकी उपकरणों की बड़ी खेप

डुंगा और रेकावाया के जंगलों में सर्चिंग के दौरान ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, कटर समेत कई उपकरण बरामद; शांति और सुरक्षा बनाए रखने पुलिस का अभियान लगातार जारी

नारायणपुर। जिले में नक्सल मुक्ति के बाद भी सुरक्षा बलों का सर्च अभियान लगातार जारी है। जंगलों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के दौरान डीआरजी (जिला रिजर्व गार्ड) की टीम को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। 13 नवंबर को ग्राम डुंगा एवं रेकावाया के जंगल क्षेत्र में चलाए गए सघन सर्च अभियान के दौरान बड़ी संख्या में मशीनरी उपकरण और तकनीकी सामग्री बरामद की गई है। बरामद सामग्री में ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, कटर मशीन, बेंच ग्राइंडर सहित कई प्रकार के उपकरण शामिल हैं।

नक्सल मुक्ति के बाद भी जंगलों में निगरानी तेज

पुलिस के अनुसार, नक्सल मुक्ति के उपरांत भी क्षेत्र में सुरक्षा, शांति व्यवस्था और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 13 नवंबर को डीआरजी की टीम ने ग्राम डुंगा एवं रेकावाया के जंगलों में सर्चिंग की। इस दौरान जंगल क्षेत्र से विभिन्न प्रकार के मशीनरी उपकरण और तकनीकी सामग्री बरामद हुई। पुलिस द्वारा बरामद सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई है।

ड्रिल से लेकर वेल्डिंग और ग्राइंडिंग मशीन तक मिलीं

सर्च अभियान के दौरान बरामद सामग्री में दो ड्रिल मशीन, दो वेल्डिंग मशीन, ड्रिल मशीन में लगाने वाला एक मोटर, आर. बॉक्स वायर, स्प्रिंग वायर, एक कटर मशीन, तीन ब्लोअर और एक बेंच ग्राइंडर शामिल हैं। इसके अलावा लोहा पकड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाला बाइंडर, एक टेबल ड्रिल मशीन, दो टेबल ग्राइंडर और दो वेल्डिंग होल्डर भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, बरामद अन्य सामग्री में एक समानांतर कीट, एक रॉकेट सेट, 13 वायरिंग बोर्ड, ग्राइंडिंग बनाने वाला एक उपकरण, मोटर में लगाने वाले दो कप सीटर, ड्रिल बिट, टेप रिंच, स्पैनर, वी-बेल्ट और बेंच वाइस शामिल हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चल रहा अभियान

यह सर्च अभियान पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार एवं श्री ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी श्री मनोज कुमार मंडावी के नेतृत्व में सुरक्षा बलों की टीमें लगातार जंगल एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सर्चिंग कर रही हैं।

शांति और सुरक्षा बनाए रखने पर पुलिस का जोर

नारायणपुर पुलिस का कहना है कि नक्सल मुक्ति के बाद क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button