नारायणपुर

माढ़ीन नदी उफान पर, पांच फीट ऊपर बह रहा पानी

नारायणपुर-ओरछा मार्ग बाधित, अबूझमाड़ सहित छोटेडोंगर क्षेत्र के कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित

नारायणपुर | 25 सितंबर 2026 |

नारायणपुर जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। गुरुवार सुबह से शुरू हुई बारिश के बाद नारायणपुर-ओरछा मार्ग के बीच स्थित बड़गांव माढ़ीन नदी पुल में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई। पुल के ऊपर करीब पांच फीट पानी बहने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। जलस्तर लगातार बढ़ने से क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

माढ़ीन नदी में बाढ़ आने के कारण अबूझमाड़ सहित छोटेडोंगर क्षेत्र के कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है। यात्री बसों के साथ-साथ माइंस से जुड़े वाहनों के पहिए भी थम गए हैं। मार्ग पर आवागमन बंद होने से ग्रामीणों और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

दो दिनों से बिजली और नेटवर्क व्यवस्था ठप

तेज बारिश का असर बिजली और संचार व्यवस्था पर भी पड़ा है। अबूझमाड़ सहित छोटेडोंगर क्षेत्र के कई गांवों में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित बताई जा रही है। वहीं नेटवर्क व्यवस्था ठप होने से लोगों को मोबाइल और संचार सेवाओं के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

बारिश में हर साल बनती है बाढ़ जैसी स्थिति

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार बड़गांव माढ़ीन नदी का पुल बारिश के मौसम में अक्सर बाढ़ की चपेट में आ जाता है। नदी का जलस्तर बढ़ने पर पुल के ऊपर पानी बहने लगता है और आवागमन बंद हो जाता है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को जरूरी कामों के लिए जिला मुख्यालय पहुंचने में भी दिक्कत होती है।

ग्रामीणों का कहना है कि बड़गांव माढ़ीन नदी पर नए पुल के निर्माण की मांग वे कई वर्षों से शासन-प्रशासन के समक्ष करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने बारिश के दौरान बार-बार उत्पन्न होने वाली इस समस्या से स्थायी राहत के लिए नए पुल के निर्माण की मांग दोहराई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button