2047 के विकसित भारत के निर्माण में मातृशक्ति की होगी निर्णायक भूमिका, मुख्यमंत्री साय ने महिला मोर्चा को दिया संगठन विस्तार का मंत्र
भाजपा महिला मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सरोज पाण्डेय, लक्ष्मी राजवाड़े और लता उसेंडी ने किया संबोधित; महतारी वंदन से महिला आरक्षण तक सरकार की योजनाओं और महिला नेतृत्व की भूमिका पर हुआ मंथन

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सर्वांगीण विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित और समृद्ध भारत के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की भूमिका निर्णायक होगी। यह बात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा महिला मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में भाजपा की वरिष्ठ नेत्री डॉ. सरोज पाण्डेय, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और विधायक लता उसेंडी सहित कई वरिष्ठ महिला नेत्रियों ने अपने विचार रखे। दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक में महिला सशक्तीकरण, संगठन विस्तार, राजनीतिक चुनौतियों और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

माताओं-बहनों के आशीर्वाद से बनी प्रदेश में भाजपा की सरकार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के पीछे माताओं-बहनों का विशेष आशीर्वाद रहा है। भाजपा ने महतारी वंदन योजना शुरू करने की घोषणा की थी, जिस पर प्रदेश की महिलाओं ने विश्वास जताया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर महिलाओं के आवेदन भरवाए और योजना की जानकारी पहुंचाई। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश में भाजपा को पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने में सफलता मिली।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने महिलाओं को ध्यान में रखकर अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं बनाई हैं और उन्हें धरातल पर क्रियान्वित किया है। स्वच्छ भारत अभियान और खुले में शौच मुक्त भारत इसका एक बड़ा उदाहरण है। आज कई प्रदेशों में शौचालयों को इज्जत घर के नाम से जाना जाता है। यह दर्शाता है कि एक सामान्य-सी दिखने वाली योजना भी महिलाओं के सम्मान और जीवन में कितना बड़ा बदलाव ला सकती है।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ता बनें सरकार की योजनाओं की आवाज
मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की महिला हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता भाजपा का चेहरा हैं। वे आम लोगों, विशेषकर महिलाओं के बीच पहुंचकर योजनाओं की जानकारी दें और पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने विश्वास जताया कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता अपने कार्य और जनसंपर्क के माध्यम से संगठन को और मजबूत बनाएंगी।
मुख्यमंत्री ने उत्तरप्रदेश में होने वाले चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की महिला कार्यकर्ता वहां भी अपनी कार्यशैली और संगठनात्मक क्षमता के दम पर भाजपा के पक्ष में वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के परिवारों के लिए केंद्र सरकार से 15 हजार विशेष आवासों की अनुमति प्राप्त की गई है, जिससे प्रभावित परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाया जा सकेगा।
योग्यता और सादगी ही सफलता के शिखर तक पहुंचने का माध्यम : सरोज पाण्डेय
भाजपा की वरिष्ठ नेत्री डॉ. (सुश्री) सरोज पाण्डेय ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के साथ अनेक प्रकार की चुनौतियां भी जुड़ी होती हैं। इन चुनौतियों का सामना करने के लिए महिलाओं को मजबूत और तैयार रहना आवश्यक है। राजनीति का क्षेत्र सरल नहीं, बल्कि चुनौतीपूर्ण है। यहां व्यवहार, सादगी और कार्यशैली का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को नीति बनाकर काम करना चाहिए और अपनी योग्यता का निरंतर विकास करना चाहिए, क्योंकि यही सफलता के शिखर तक पहुंचने का माध्यम बनेगा।
डॉ. पाण्डेय ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि अब तक विभिन्न राजनीतिक दलों ने इस विषय पर राजनीति की, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधी आबादी को उनका अधिकार दिलाने का संकल्प लिया है। इसी सोच के तहत सदन में महिला आरक्षण विधेयक लाया गया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री आने वाले दिनों में महिला आरक्षण को लागू कर महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।
हर पात्र महिला तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : लक्ष्मी राजवाड़े
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर पहुंचकर मजबूत टीम तैयार करनी होगी। सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के साथ महिलाओं को यह भी बताना होगा कि भाजपा सरकार की ट्रिपल इंजन सरकार महिला सशक्तीकरण के लिए किस तरह काम कर रही है।
उन्होंने महतारी वंदन योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना, महतारी शक्ति ऋण योजना और रानी दुर्गावती योजना सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की महिला हितैषी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की हर कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सबसे मजबूत कड़ी है। उनकी सक्रियता से ही योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचता है। कोई भी पात्र महिला योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहनी चाहिए।
घर-घर तक पहुंचने की ताकत महिला मोर्चा के पास : लता उसेंडी
विधायक लता उसेंडी ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी ताकत यह है कि वे घरों के भीतर तक पहुंचकर महिलाओं को सरकार की योजनाओं की जानकारी दे सकती हैं। यह कार्य किसी अन्य माध्यम से उतनी प्रभावी तरीके से संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा का वर्तमान स्वरूप हजारों-लाखों कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे चुनौतियों से घबराने के बजाय सादगी, निष्ठा और योग्यता के बल पर संगठन को मजबूत करें तथा महिला सशक्तीकरण के संकल्प को आगे बढ़ाएं।
राजनीतिक प्रस्ताव भी प्रस्तुत, प्रदेशभर की महिला नेत्रियां रहीं मौजूद
कार्यसमिति बैठक को महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी सुभाष तिवारी और प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने भी संबोधित किया। इस दौरान महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष संगीता शर्मा ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसका समर्थन प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश शाश्वत ने किया।
दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडे, बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, शालिनी राजपूत, वर्णिका शर्मा, महामंत्री शीतल नायक, फुलेश्वरी पैकरा, मिली बनर्जी, वंदना राठौड़, किरण सिंह सहित प्रदेशभर से पहुंचीं भाजपा की अनेक महिला नेत्रियां एवं पदाधिकारी उपस्थित रहीं।
बैठक में महिला नेतृत्व को मजबूत बनाने, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और संगठनात्मक गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।




