मातृशक्ति के दम पर बूथ से प्रदेश तक संगठन मजबूत करने की तैयारी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सरोज पांडेय ने महिला मोर्चा को दिया जीत का मंत्र
नवा रायपुर के जैनम मानस भवन में दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन; महतारी वंदन, लखपति दीदी सहित जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने पर जोर, सोशल मीडिया और डिजिटल प्रबंधन का भी मिला प्रशिक्षण

रायपुर। नवा रायपुर स्थित जैनम मानस भवन में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य समापन हुआ। समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सुश्री सरोज पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों नेताओं ने प्रदेशभर से पहुंचीं महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मार्गदर्शन देते हुए आगामी अभियानों के लिए सक्रियता और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
समापन सत्र में मातृशक्ति की संगठनात्मक भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता समाज और सरकार के बीच मजबूत सेतु के रूप में कार्य कर रही हैं। निरंतर जनसंपर्क, क्षेत्रीय प्रवास और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से संगठन की विचारधारा एवं सरकार की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका निर्णायक है।

जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति
दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की महिला केंद्रित और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया गया।
इस दौरान महतारी वंदन योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, महतारी शक्ति ऋण योजना, रानी दुर्गावती योजना, लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं को समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ी महिलाओं तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर विशेष चर्चा हुई।
सोशल मीडिया और डिजिटल प्रबंधन में दक्ष बनाने पर फोकस
बदलते दौर में संगठनात्मक गतिविधियों और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यशाला में तकनीकी प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। सोशल मीडिया प्रबंधन के तहत फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और व्हाट्सऐप के माध्यम से रील, पोस्ट एवं हैशटैग के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई।
वहीं आईटी एवं डिजिटल सशक्तिकरण सत्र में सरल एप, नमो एप, सदस्यता अभियान और डिजिटल डाटा प्रबंधन की विस्तृत जानकारी साझा की गई। इसके साथ ही मीडिया समन्वय के तहत क्षेत्रीय कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक अभियानों की जानकारी तथ्यात्मक और प्रभावशाली तरीके से मीडिया तक पहुंचाने के लिए प्रेस विज्ञप्ति तैयार करने तथा मीडिया कवरेज प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
प्रशिक्षण के बाद घर-घर तक पहुंचने का संकल्प
दो दिनों तक चले संगठनात्मक मंथन और प्रशिक्षण के बाद प्रदेशभर से आईं महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अनुशासन, आपसी समन्वय और पूर्ण समर्पण के साथ संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और अधिकाधिक पात्र महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने के लिए सक्रियता से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।




