गोपाष्टमी पर नारायणपुर में उमड़ा आस्था और उत्साह का सैलाब, राउत नाचा की थाप पर गूंजा उत्सव; मंत्री केदार कश्यप ने किया यादव समाज भवन के शेड का लोकार्पण
आतिशबाजी और पारंपरिक राउत नाचा से हुआ कैबिनेट मंत्री का भव्य स्वागत, समाज की सांस्कृतिक विरासत और एकजुटता ने खींचा सबका ध्यान

भगवान श्रीकृष्ण के आदर्श, गौसेवा और हमारी सांस्कृतिक परंपराएं भारतीय समाज की अमूल्य धरोहर हैं, इन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है – केदार कश्यप
नारायणपुर। आस्था की भव्यता, लोकसंस्कृति की जीवंतता और सामाजिक एकजुटता का अनूठा नजारा मंगलवार को नारायणपुर में देखने को मिला। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर यादव समाज नारायणपुर द्वारा आयोजित भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप शामिल हुए। उनके आगमन पर यादव समाज ने आतिशबाजी, पारंपरिक राउत नाचा और उत्साहपूर्ण स्वागत-अभिनंदन के साथ उनका आत्मीय अभिनंदन किया। ढोल-मांदर की थाप और राउत नाचा की आकर्षक प्रस्तुतियों ने आयोजन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति के रंग बिखेर दिए।

इस आयोजन की खास उपलब्धि रही यादव समाज भवन परिसर में शेड निर्माण कार्य का लोकार्पण। मंत्री केदार कश्यप ने विधिवत लोकार्पण कर समाज को यह सुविधा समर्पित की। इससे समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए परिसर में अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर मिली इस सुविधा को समाजजनों ने आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना।

भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों में समाहित है प्रेम, सेवा और लोककल्याण का संदेश : केदार कश्यप
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि गोपाष्टमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और संस्कारों से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें गौमाता के प्रति श्रद्धा, जीवों के प्रति करुणा, प्रेम, सेवा और लोककल्याण का संदेश देता है। भारतीय परंपरा में गौमाता का स्थान अत्यंत पूजनीय है और गौसेवा हमारी सांस्कृतिक चेतना का अभिन्न हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि यादव समाज का भगवान श्रीकृष्ण से गहरा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जुड़ाव रहा है। समाज ने अपनी परंपराओं, रीति-रिवाजों और लोककलाओं को पीढ़ी दर पीढ़ी जीवंत रखा है। राउत नाचा जैसी पारंपरिक लोकविधाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान की अमूल्य धरोहर हैं। इन परंपराओं का संरक्षण केवल एक समाज की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का प्रयास है।
केदार कश्यप ने आगे कहा कि समाज की असली ताकत उसकी एकता, आपसी सहयोग और संस्कारों में होती है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए उसे आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
राउत नाचा की थाप पर झलकी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत
गोपाष्टमी महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा में सजे राउत नर्तकों की प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। आतिशबाजी, लोकगीतों और पारंपरिक नृत्य ने समारोह को यादगार बना दिया। धार्मिक आस्था के साथ लोकसंस्कृति और सामाजिक सहभागिता का यह संगम यादव समाज की परंपराओं के प्रति गहरे जुड़ाव को दर्शाता रहा।
जनप्रतिनिधियों और समाज के वरिष्ठजनों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री संदीप कुमार झा, पार्षद संजय नंदी, कमलापति मिश्रा, गुलाब बघेल, मरणशील, प्रशांत सिंह, बिंदेश पात्र, सूर्यपाल दुबे, हीना नाग, दीपाली नाग सहित यादव समाज के जिलाध्यक्ष जगन्नाथ यादव, अशोक यादव, पंकज यादव, चंद्रशेखर यादव, राजाराम यादव, विश्राम सिंह बघेल, राजू यादव, राजेश यादव, उमेश यादव सहित समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।




