नारायणपुर

AI के दौर में बच्चों ने जीवंत किया शिव विवाह का प्रसंग, कड़ाके की ठंड में भी उमड़ी भीड़… प्रस्तुतियों ने बांधा समां

माडिन देवी वार्ड के बुधवारी बाजार प्रांगण में माता मावली युवा समिति का आयोजन, भगवान शिव और देवी-देवताओं के स्वरूप में बच्चों ने किया शानदार अभिनय; पार्षद प्रवीण गोलछा ने की सराहना, बोले—ऐसे आयोजन संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का माध्यम।

नारायणपुर। आधुनिकता और AI के बढ़ते दौर में जहां पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां धीरे-धीरे मंचों से दूर होती जा रही हैं, वहीं माडिन देवी वार्ड के बुधवारी बाजार प्रांगण में बच्चों ने अपने अभिनय से एक बार फिर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की खूबसूरत तस्वीर पेश की। मौका था माता मावली युवा समिति द्वारा आयोजित शिव विवाह कार्यक्रम का, जिसमें बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में वार्ड के विभिन्न घरों से आए छोटे-छोटे बच्चों ने भगवान शिव सहित अन्य देवी-देवताओं के स्वरूप धारण कर जीवंत अभिनय प्रस्तुत किया। बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से शिव विवाह के प्रसंग को मंच पर साकार किया। उनकी कला, उत्साह और अभिनय को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। खास बात यह रही कि कड़ाके की ठंड के बावजूद देर तक दर्शकों की मौजूदगी बनी रही और पूरा आयोजन उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

AI के दौर में पारंपरिक अभिनय की सराहना

कार्यक्रम में उपस्थित पार्षद प्रवीण गोलछा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि आज AI के दौर में भी नाटक और जीवंत अभिनय के माध्यम से इस तरह की सुंदर प्रस्तुति देना बेहद सराहनीय है। सभी बच्चों ने शानदार अभिनय किया और अपनी प्रतिभा से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आने वाले समय में भी इस तरह के कार्यक्रमों को और अधिक बढ़ावा दिया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कलाओं से जुड़ी रहे।

विलुप्त होती सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को सहेजने की पहल

पार्षद गोलछा ने माता मावली युवा समिति के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समिति द्वारा विलुप्त होती पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को जीवित रखने की दिशा में सराहनीय पहल की जा रही है। इसके लिए उन्होंने समिति के सभी सदस्यों के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

बच्चों की प्रतिभा, समिति की पहल और दर्शकों का उत्साह… शिव विवाह का यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और अभिनय कला से जोड़ने का संदेश भी दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button