17 दिव्यांगजनों को मिला कृत्रिम अंगों का सहारा
आईईडी ब्लास्ट पीड़ितों समेत विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांगजनों को निःशुल्क उपकरण; 5 और 6 अक्टूबर को जगदलपुर में लगा शिविर

नारायणपुर। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल की है। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने नारायणपुर जिले के आईईडी ब्लास्ट से पीड़ित एवं विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांगजनों को जगदलपुर के क्रीड़ा परिसर में आयोजित विशाल निःशुल्क दिव्यांगजन शिविर में शामिल कराया। शिविर में जिले के 17 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों का लाभ मिला।

3 आईईडी ब्लास्ट पीड़ित भी हुए शामिल
शिविर में जिले के 3 आईईडी ब्लास्ट पीड़ित और चिन्हांकित 14 विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांगजन शामिल हुए। 5 अक्टूबर को आयोजित शिविर में एक आईईडी ब्लास्ट पीड़ित दिव्यांगजन को कृत्रिम पैर प्रदान किया गया। वहीं दो दिव्यांगजनों के पूर्व से लगे कृत्रिम पैरों की जांच कर आवश्यक सुधार की सुविधा दी गई।
14 दिव्यांगजनों को जरूरत के मुताबिक उपकरण
6 अक्टूबर को आयोजित शिविर में 14 विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। 2 को कैलिपर्स सहित एल्बो, 1 को कृत्रिम पैर, 6 को जूता सपोर्ट सहित उपकरण तथा 1 को बैसाखी प्रदान की गई। वहीं शेष 4 दिव्यांगजनों के पहले से लगे कृत्रिम अंग एवं उपकरणों की जांच कर आवश्यक सुधार किया गया।
दैनिक जीवन में मिलेगी सहूलियत
जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की पहल से दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध हुए हैं। इससे उन्हें रोजमर्रा के कार्यों में सुविधा मिलने के साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मदद मिलेगी। प्रशासन का उद्देश्य पात्र दिव्यांगजनों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना है।




