युवा प्रतिभाओं के लिए बड़ा मौका, ‘युवा रत्न सम्मान’ के आवेदन शुरू
सामाजिक से लेकर खेल और साहित्य तक उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा होंगे सम्मानित; स्वैच्छिक संगठनों को भी मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान

30 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे आवेदन, चयनित संगठन को 5 लाख और उत्कृष्ट युवा को 2.50 लाख रुपए की सम्मान राशि
नारायणपुर, 20 सितंबर 2026। जिले के प्रतिभावान और समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं के साथ-साथ स्वैच्छिक संगठनों के लिए राज्य स्तर पर पहचान बनाने का अवसर है। राज्य शासन की युवा रत्न सम्मान योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू होकर 30 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।
योजना का उद्देश्य युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों द्वारा सामाजिक सरोकारों, रचनात्मक गतिविधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करना और उन्हें राज्य स्तर पर सम्मान एवं पहचान प्रदान करना है।
14 क्षेत्रों में एक-एक उत्कृष्ट युवा का चयन
युवा रत्न सम्मान योजना के तहत प्रत्येक वर्ष 14 विभिन्न क्षेत्रों में एक-एक उत्कृष्ट युवा का चयन कर सम्मानित किया जाएगा। इनमें सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान करने वाले युवाओं को शामिल किया जाएगा।
योजना के माध्यम से उन युवाओं को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से समाज और क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है।
संगठन को 5 लाख, उत्कृष्ट युवा को 2.50 लाख
योजना के तहत चयनित एक स्वैच्छिक संगठन को पदक, भाल, प्रशस्ति/प्रमाण-पत्र के साथ 5 लाख रुपए की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
वहीं चयनित उत्कृष्ट युवा को 2.50 लाख रुपए की सम्मान राशि के साथ पदक, शॉल एवं प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित प्रत्येक युवा को 1 लाख रुपए की सम्मान राशि, पदक, शॉल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
जिला स्तर पर होगी आवेदनों की जांच
प्राप्त आवेदनों का जिला स्तर पर परीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद पात्र पाए गए आवेदनों में से एक स्वैच्छिक संगठन तथा निर्धारित क्षेत्रों से एक-एक पात्र युवा के आवेदन की अनुशंसा राज्य स्तर के लिए की जाएगी।
इसके बाद अंतिम चयन राज्य स्तरीय चयन समिति द्वारा किया जाएगा।
युवाओं से आगे आने की अपील
योजना के माध्यम से जिले में सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं तथा स्वैच्छिक संगठनों को अपनी उपलब्धियों को राज्य स्तर तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
आवेदन अवधि : 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक
खास बात
काम आपका, पहचान राज्य स्तर की—युवा रत्न सम्मान योजना में आवेदन का मौका।



