6.50 लाख के 30 मोबाइल बरामद, मालिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
‘निक मोबाइल इयाना’ अभियान में साइबर सेल की बड़ी कामयाबी; तकनीकी विश्लेषण, IMEI और CEIR पोर्टल से ट्रेस कर असली मालिकों को सौंपे फोन

नारायणपुर | 3 अक्टूबर 2026
गुम हुए मोबाइल की तलाश में नारायणपुर पुलिस के साइबर सेल ने बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष अभियान ‘निक मोबाइल इयाना’ के तहत साइबर सेल ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए करीब 6 लाख 50 हजार रुपए मूल्य के 30 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल हाथ में आते ही स्वामियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस के प्रति आभार जताया।
तकनीकी विश्लेषण से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत गुम मोबाइल संबंधी आवेदनों पर साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण के साथ लगातार पतासाजी की। टीम ने IMEI नंबर और CEIR पोर्टल की सहायता से मोबाइल फोन को ट्रेस किया और उन्हें बरामद कर वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया।
पुलिस कार्यालय में सौंपे मोबाइल
बरामद किए गए सभी 30 मोबाइल फोन 3 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय नारायणपुर में विधिवत उनके स्वामियों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने नारायणपुर पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
साइबर सेल की टीम ने की लगातार मेहनत
पूरी कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार नेताम, नोडल अधिकारी साइबर सेल के पर्यवेक्षण में साइबर सेल की टीम द्वारा की गई। अभियान पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग पहल के तहत संचालित किया जा रहा है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सहित उप पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार नेताम, नोडल अधिकारी साइबर सेल एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मोबाइल गुम हो तो तुरंत करें ये काम
नारायणपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर बिना देरी किए CEIR पोर्टल पर इसकी जानकारी दर्ज करें और नजदीकी थाना अथवा साइबर सेल से संपर्क करें। मोबाइल में मजबूत पासवर्ड तथा उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं का इस्तेमाल करें।
ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल
ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी अथवा साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है। पुलिस ने नागरिकों को संदिग्ध कॉल, लिंक और संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी है।
पुलिस की अपील: सतर्क रहें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और साइबर ठगी होते ही समय गंवाए बिना 1930 पर सूचना दें।



