नारायणपुर

मानसून थमा, अब ऑपरेशन की तैयारी तेज

यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट ऑपरेशनल कमांड की बैठक में एरिया डोमिनेशन और सर्च अभियान की बनी रणनीति

नारायणपुर। मानसून के बाद नारायणपुर जिले में सुरक्षा अभियानों को और गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट ऑपरेशनल कमांड की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मानसून के बाद की ऑपरेशनल तैयारियों, सड़क एवं अधोसंरचना विकास, आवागमन व्यवस्था तथा आगामी एरिया डोमिनेशन और सघन तलाशी अभियानों को लेकर सुरक्षा बलों के बीच समन्वित रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले में तैनात केंद्रीय एवं सशस्त्र बलों के अधिकारियों ने सहभागिता की। पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आईटीबीपी की छह बटालियनों और बीएसएफ की चार बटालियनों के कमांडेंट तथा 18वीं बटालियन छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, शांतिनगर के कंपनी कमांडर वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।

सड़क, आवागमन और ऑपरेशनल बेस पर चर्चा

बैठक में मानसून के दौरान प्रभावित सड़क मार्गों और क्षेत्र में आवागमन की स्थिति की समीक्षा के साथ सुरक्षा बलों के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकास पर चर्चा हुई। आगामी अभियानों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संसाधनों और तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।

एरिया डोमिनेशन और सर्च ऑपरेशन की तैयारी

बैठक में आगामी आक्रामक एरिया डोमिनेशन, घेराबंदी एवं सघन तलाशी अभियान को लेकर आवश्यक तैयारियों और रणनीति पर चर्चा की गई। क्षेत्र की भौगोलिक एवं परिचालन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए।

सूचना तंत्र और संयुक्त कार्रवाई पर जोर

सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय, सूचनाओं के प्रभावी आदान-प्रदान और संयुक्त ऑपरेशनल कार्रवाई को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न बलों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता बताई गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नारायणपुर पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र बलों एवं अन्य सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल के साथ जिले में सुरक्षित वातावरण एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button