नारायणपुर

चंदेनीभाटा में गूंजा ‘मन की बात’ का संदेश, वार्डवासियों ने सुना राष्ट्र से प्रधानमंत्री का संवाद

सुरक्षा से स्वच्छता तक... जनभागीदारी पर जोर, सर्जिकल स्ट्राइक की वीरगाथा को किया नमन; जनगणना को बताया राष्ट्रीय दायित्व

नारायणपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का रविवार को शहर मंडल के बूथ क्रमांक 54 स्थित आश्रम वार्ड के चंदेनीभाटा में सामूहिक श्रवण किया गया। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा एवं आश्रम वार्ड की पार्षद रमशीला नाग की सहभागिता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल हुए।

शौर्य को नमन, नागरिक दायित्व का संदेश

‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा, नागरिक दायित्व, जनगणना, युवा शक्ति, खेल, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न विषयों पर देशवासियों से संवाद किया। सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूरे होने के संदर्भ में उन्होंने भारतीय जवानों के शौर्य और पराक्रम को नमन किया। वहीं जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए नागरिकों की सहभागिता तथा सटीक आंकड़ों के महत्व पर भी जोर दिया।

वार्ड स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

पार्षद रमशीला नाग ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल प्रधानमंत्री का संवाद कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के नागरिकों को राष्ट्रनिर्माण की साझा जिम्मेदारी से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। वार्ड स्तर पर ऐसे सामूहिक आयोजनों के माध्यम से प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही नागरिक सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा से लेकर स्वच्छता और युवा शक्ति से पर्यावरण संरक्षण तक प्रधानमंत्री का संदेश प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करता है। जनप्रतिनिधि के रूप में वार्डवासियों के साथ निरंतर संवाद और जनभागीदारी बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष एवं बूथ अध्यक्ष धर्मेंद्र कुलदीप, महिला मोर्चा शहर मंडल अध्यक्ष दीपाली नाग, पूजा कुलदीप, पदमनी गोटा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button