नारायणपुर

सेवा संकल्प अभियान: 28 से 30 सितंबर तक लगेंगे सेवा सेतु शिविर

रेमावंड, सोनपुर और ओरछा में विकासखंड स्तरीय शिविर; बुधवारी बाजार में जिला स्तरीय आयोजन, राशनकार्ड से जुड़ी सेवाएं एक ही जगह

नारायणपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 28 से 30 सितंबर 2026 तक विकासखंड एवं जिला स्तरीय ‘सेवा सेतु शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर नम्रता जैन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिविरों की तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने तथा अधिक से अधिक हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

तीन दिन, चार स्थानों पर शिविर

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 सितंबर, सोमवार को ग्राम पंचायत रेमावंड, 29 सितंबर, मंगलवार को ग्राम पंचायत सोनपुर तथा 30 सितंबर, बुधवार को ग्राम पंचायत ओरछा के पंचायत कार्यालय में विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर लगाए जाएंगे। इसी दिन 30 सितंबर को नारायणपुर शहर के बुधवारी बाजार स्थल पर जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित होगा।

राशनकार्ड से जुड़ी सेवाएं मिलेंगी एक ही जगह

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार आयोजित इन विशेष शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और विभागीय सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का निराकरण करना है।

शिविरों में राशनकार्ड की ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर लिंक कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। नए राशनकार्ड के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने के साथ राशनकार्ड से संबंधित शिकायतों का निराकरण भी किया जाएगा। इसके अलावा नागरिकों को राशन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी दी जाएगी।

गरीब कल्याण अन्न योजना की भी मिलेगी जानकारी

सेवा सेतु शिविरों में हितग्राहियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना तथा वन नेशन वन राशन कार्ड योजना की जानकारी भी दी जाएगी। शिविरों के माध्यम से नागरिकों को खाद्य विभाग की सेवाओं और योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

नोडल अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

शिविरों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर खाद्य अधिकारी तथा विकासखंड स्तर पर सहायक खाद्य अधिकारी एवं खाद्य निरीक्षकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर नम्रता जैन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ शिविरों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

प्रशासन की अपील—शिविर में पहुंचकर पूरी कराएं प्रक्रियाएं

जिला प्रशासन ने ग्रामीण एवं अंदरूनी क्षेत्रों सहित जिले के सभी हितग्राहियों से अपील की है कि वे 28 से 30 सितंबर के बीच अपने निकटतम सेवा सेतु शिविर में पहुंचें। हितग्राही राशनकार्ड से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठा सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button