नारायणपुर

नदी उफान पर, पुलिया के ऊपर 4 फीट पानी, लिंगो मुदीयाल कृषि महाविद्यालय और KVK का संपर्क मार्ग बंद

प्रबंधन ने विद्यार्थियों को कॉलेज नहीं आने की दी सलाह

नारायणपुर। लगातार बारिश के बाद कुक्कड़ नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी पर बनी पुलिया एक बार फिर जलमग्न हो गई है। पुलिया के ऊपर करीब चार फीट पानी बहने से लिंगो मुदीयाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र तथा कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) का मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। नदी में तेज बहाव के चलते पुलिया से आवागमन जोखिमपूर्ण हो गया है।

दूसरी बार डूबी पुलिया

कृषि महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार बाढ़ की स्थिति में यह दूसरी बार है जब पुलिया पूरी तरह पानी में डूब गई है। लगातार बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के कारण मार्ग से आवाजाही बंद है। ऐसे में किसी भी तरह की जल्दबाजी विद्यार्थियों और अन्य लोगों के लिए जोखिम पैदा कर सकती है।

विद्यार्थियों को घर पर सुरक्षित रहने की सलाह

पुलिया के जलमग्न होने को देखते हुए महाविद्यालय प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें कॉलेज नहीं आने की सलाह दी है। विद्यार्थियों से स्पष्ट कहा गया है कि वे किसी भी परिस्थिति में जलमग्न पुलिया को पार करने का प्रयास न करें और अपने घरों में सुरक्षित रहें।

आगामी सूचना के बाद ही बुलाया जाएगा कॉलेज

महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा नदी के जलस्तर और मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विद्यार्थियों को आगामी सूचना के अनुसार ही महाविद्यालय आने के लिए कहा जाएगा। प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि बाढ़ की स्थिति में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और जलमग्न मार्ग को पार कर किसी भी प्रकार का जोखिम न लें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button