नारायणपुर

नोएडा से लापता युवक नारायणपुर में मिला, पुलिस ने एक माह बाद परिवार से मिलाया

मंदोड़ा क्षेत्र में भटकते मिला सोनभद्र का युवक, कमजोर स्वास्थ्य के चलते जिला अस्पताल में कराया भर्ती; अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय से हुई पहचान

नारायणपुर। करीब एक माह पहले काम की तलाश में नोएडा गया युवक लापता हो गया। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, इसी बीच युवक छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के मंदोड़ा क्षेत्र में भटकता मिला। उसकी कमजोर शारीरिक स्थिति और असामान्य मानसिक अवस्था को देखते हुए नारायणपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया और उपचार की व्यवस्था की। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की पुलिस के सहयोग से युवक की पहचान सुनिश्चित हुई। इसके बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उसे उसके छोटे भाई के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस की इस मानवीय पहल से लंबे समय से बिछड़े दोनों भाइयों का पुनर्मिलन हुआ। परिजनों ने नारायणपुर पुलिस की संवेदनशीलता और सहयोग के लिए आभार जताया।

10-12 दिन से कैंप के आसपास भटक रहा था युवक

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को थाना ओरछा क्षेत्र के पुलिस कैंप मंदोड़ा में तैनात सुरक्षाकर्मी एक असहाय व्यक्ति को थाना नारायणपुर लेकर पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि युवक पिछले 10-12 दिनों से कैंप के आसपास के ग्रामीण इलाकों में भटक रहा था। पूछताछ के दौरान वह स्पष्ट जानकारी देने की स्थिति में नहीं था। उसकी मानसिक स्थिति असामान्य प्रतीत हो रही थी और शारीरिक स्वास्थ्य भी कमजोर था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार शुरू कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने पर पुलिस ने उससे दोबारा पूछताछ की। इस दौरान वह बार-बार सोनभद्र और रामगढ़ गांव का नाम बता रहा था।

सोनभद्र पुलिस से संपर्क कर जुटाई जानकारी

युवक से मिली अधूरी जानकारी के आधार पर नारायणपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की पुलिस से संपर्क स्थापित किया। समन्वय और स्थानीय स्तर पर तस्दीक के दौरान थाना कोन क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ से संबंधित जानकारी मिली।

युवक ने अपना नाम सुनील कुमार भारती (30), पिता विनोद कुमार भारती, निवासी ग्राम रामगढ़, थाना कोन, जिला सोनभद्र, उत्तर प्रदेश बताया। सोनभद्र पुलिस के माध्यम से पुष्टि हुई कि वह इसी गांव का निवासी है और करीब एक माह पहले काम की तलाश में नोएडा गया था, जहां से लापता हो गया था।

छोटे भाई से मिलते ही छलक उठीं भावनाएं

युवक की पहचान होने के बाद नारायणपुर पुलिस ने उसके परिजनों से फोन पर संपर्क किया और उसके सुरक्षित होने तथा अस्पताल में उपचार कराए जाने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन नारायणपुर पहुंचे। 16 अक्टूबर को युवक का छोटा भाई विकास कुमार भारती थाना नारायणपुर पहुंचा। पुलिस ने उसकी पहचान सुनिश्चित करने के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाकर दोनों भाइयों का मिलन कराया।

लंबे समय से बिछड़े भाइयों के आमने-सामने आने का यह पल भावुक रहा। चिकित्सकों से उपचार के बाद डिस्चार्ज किए जाने पर सुनील कुमार भारती को थाना नारायणपुर लाया गया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके छोटे भाई के सुपुर्द कर दिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक नारायणपुर संदीप पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में एसडीओपी छोटे डोंगर मनोज मंडावी, एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह, थाना प्रभारी ओरछा राजेश पाण्डेय और थाना प्रभारी नारायणपुर विनीत दुबे के समन्वय एवं सक्रिय प्रयास रहे।

नारायणपुर पुलिस ने कहा कि जरूरतमंद, असहाय और भटके हुए व्यक्तियों की सहायता करना पुलिस के मानवीय दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आम नागरिकों की सुरक्षा और सेवा के लिए पुलिस आगे भी संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य करती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button