नुक्कड़ नाटक से शिक्षकों ने दिया जनजागरूकता का संदेश
कोहकामेटा में ‘नमो सेवा–अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम, योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने किया प्रेरित

नारायणपुर, 02 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘नमो सेवा–अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम के अंतर्गत कोहकामेटा में शिक्षकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

शिक्षकों ने रोचक संवाद और प्रभावी अभिनय के जरिए प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं के उद्देश्य और लाभों को सरल भाषा में समझाया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
नाटक के माध्यम से स्वच्छता, पेयजल, पक्का आवास, कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े संदेश भी दिए गए। वहीं नक्सलमुक्त जिला निर्माण की दिशा में शासन की पहलों का संदेश देते हुए ग्रामीणों से विकास और जनभागीदारी से जुड़ने की अपील की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य था कि योजनाओं की जानकारी पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और जानकारी के अभाव में कोई भी हितग्राही सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। नुक्कड़ नाटक की सहज प्रस्तुति ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया।
जनजागरूकता का माध्यम बना मंच
शिक्षकों की इस रचनात्मक पहल ने जनसेवा और सामाजिक जागरूकता को एक साथ जोड़ने का काम किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी के साथ उनके प्रति जागरूक होकर पात्रता के अनुसार लाभ लेने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी, जनपद पंचायत ओरछा के उपाध्यक्ष मंगडू राम नूरेटी, जिला पंचायत सदस्य शांति नेताम सहित क्षेत्र के सरपंच एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।



