नारायणपुर

सिकल सेल से लड़ेंगे… जागरूकता से जीतेंगे

‘प्रारंभ’ कार्यक्रम में 450 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, समय पर जांच और प्रमाणिक स्वास्थ्य जानकारी का दिया संदेश

नारायणपुर। सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों को समय पर जांच, स्वास्थ्य सावधानियों एवं प्रमाणिक जानकारी के महत्व से अवगत कराने के उद्देश्य से बुधवार को शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामोतीन माड़िया शासकीय आदर्श कन्या महाविद्यालय तथा सिकल केयर फाउंडेशन रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘सिकल सेल जागरूकता कार्यक्रम—प्रारंभ’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों महाविद्यालयों के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित 450 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनभागीदारी अध्यक्ष नरेंद्र मेश्राम, मुख्य संरक्षक एवं प्राचार्य डॉ. एस. आर. कुंजाम, संरक्षक एवं प्राचार्य बी. डी. चांडक, सिकल केयर फाउंडेशन रायपुर की निदेशक नेहा वर्मा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन हुआ। फाउंडेशन की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।

‘सिकल से लड़बो, संग-संग बढ़बो’ का दिया संदेश

स्वागत उद्बोधन में सिकल केयर फाउंडेशन की निदेशक नेहा वर्मा ने सिकल सेल जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने सिकल सेल से प्रभावित व्यक्तियों को ‘योद्धा’ बताते हुए संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने “सिकल-सेल-ले लड़बो, संग-संग-बढ़बो” का संदेश देते हुए सामूहिक जागरूकता पर जोर दिया।

समय पर जांच और सही जानकारी जरूरी

जागरूकता सत्र में मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र से आए रिसोर्स पर्सन पवन गुप्ता एवं रूपल अरुण उराडे ने विद्यार्थियों को सिकल सेल रोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने समय पर जांच कराने, आवश्यक स्वास्थ्य सावधानियां बरतने तथा प्रमाणिक स्रोतों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त करने की आवश्यकता बताई। विद्यार्थियों से समाज में सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान भी किया गया।

विद्यार्थियों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान

मुख्य अतिथि नरेंद्र मेश्राम ने सिकल सेल जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर जागरूकता कार्यक्रमों को उपयोगी बताते हुए विद्यार्थियों की भूमिका पर जोर दिया। प्राचार्य डॉ. एस. आर. कुंजाम ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

आयोजन में महाविद्यालय परिवार का रहा सहयोग

कार्यक्रम का संयोजन भूगोल विभाग के अतिथि सहायक प्राध्यापक डॉ. हरि शंकर कुमार ने किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अतिथियों, प्राध्यापकगण, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। NCC प्रभारी राजेंद्र कुमार यादव का विशेष सहयोग रहा। दोनों महाविद्यालयों के सहायक प्राध्यापकों एवं अतिथि व्याख्याताओं ने भी आयोजन में सहयोग किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच कराने और समाज में प्रमाणिक स्वास्थ्य जानकारी का प्रसार करने का संकल्प लिया गया। अंत में अतिथि सहायक प्राध्यापक डॉ. विजय लाल तिवारी ने आभार प्रदर्शन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button