नाबालिगों को वाहन चलाने से किया आगाह, स्कूल बसों की भी हुई जांच… यातायात पुलिस की पाठशाला में बच्चों को मिला सुरक्षा का पाठ
विश्वदीप्ति इंग्लिश मीडियम स्कूल में विद्यार्थियों को समझाए सड़क सुरक्षा के नियम; जेब्रा क्रॉसिंग, ट्रैफिक सिग्नल और दुर्घटना में घायलों की मदद करने की दी जानकारी, बसों के फिटनेस से लेकर अग्निशमन यंत्र तक परखी गई व्यवस्था

नारायणपुर। सड़क पर एक छोटी सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। ऐसे में यातायात नियमों की समझ बचपन से विकसित हो, इसी उद्देश्य से नारायणपुर यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। इस दौरान बच्चों को न केवल यातायात नियमों की जानकारी दी गई, बल्कि स्कूल में संचालित बसों और अन्य वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था भी जांची गई।
यातायात की पाठशाला में बच्चों को समझाए नियम
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस नारायणपुर की ओर से बंग्लापारा स्थित विश्वदीप्ति इंग्लिश मीडियम स्कूल में यातायात की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन, यातायात नियमों, संकेतों और सड़क चिन्हों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि सड़क पार करते समय निर्धारित स्थान और जेब्रा क्रॉसिंग का ही उपयोग करें। रेड, ग्रीन और येलो ट्रैफिक लाइट के महत्व को समझाते हुए नियमों का पालन करने की सीख दी गई।
नाबालिगों को वाहन चलाने से किया आगाह
यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी। साथ ही बच्चों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने माता-पिता एवं परिजनों को भी हेलमेट, सुरक्षित ड्राइविंग तथा अन्य यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें।
इस दौरान प्रधानमंत्री राहत योजना एवं राहवीर योजना की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर सहायता करना बेहद महत्वपूर्ण है। घायलों की मदद करने और जीवन बचाने के लिए आगे आने का संदेश भी दिया गया।
स्कूल बसों में सुरक्षा के इंतजामों की खुली पड़ताल
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा स्कूल में संचालित बसों और अन्य वाहनों का निरीक्षण रहा। यातायात पुलिस की टीम ने वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र की जांच की। इसके अलावा चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस और निर्धारित क्षमता के अनुसार बच्चों की संख्या का भी जायजा लिया गया।
बसों में अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार बॉक्स, अन्य सुरक्षा उपकरण, आपातकालीन निकास द्वार और महिला अटेंडेंट की व्यवस्था को भी परखा गया। बच्चों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने की व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा मानकों पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
नियमों का पालन ही जीवन की सुरक्षा : यातायात प्रभारी
इस अवसर पर यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक श्री मोहम्मद मोहसिन खान ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी श्री मोहम्मद मोहसिन खान सहित यातायात पुलिस स्टाफ, विद्यालय के प्राचार्य श्री जेमोन टी. डी., वाइस प्रिंसिपल, शिक्षकगण एवं अन्य विद्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस नारायणपुर ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा को अपनी आदत बनाने और दुर्घटना में घायलों की मदद करने की अपील की। पुलिस का संदेश है कि स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। जरूरतमंद घायलों की सहायता कर नेक राहवीर बनें और अनमोल जीवन बचाने में सहभागी बनें।




