NSS से छात्राओं में जगेगी सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना
महिला महाविद्यालय में उन्मुखीकरण कार्यक्रम, 115 स्वयंसेविकाओं ने लिया सक्रिय भागीदारी का संकल्प

स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य व जनजागरूकता गतिविधियों में भूमिका समझाई; सविता वड्डे दल नायिका और रतनी कोर्राम बनीं उप दल नायिका
नारायणपुर। वीरांगना रमोतिन माडिया शासकीय आदर्श महिला महाविद्यालय, नारायणपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के अंतर्गत उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को NSS के उद्देश्यों, गतिविधियों और समाज एवं राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय की 115 स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. एसआर कुंजाम, प्राचार्य शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणपुर तथा मुख्य अतिथि एवं कार्यक्रम अधिकारी विकास चंद्र विशाल उपस्थित रहे।
सेवा के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश
विशिष्ट अतिथि डॉ. एसआर कुंजाम ने अपने उद्बोधन में छात्राओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करने पर जोर दिया। वहीं विकास चंद्र विशाल ने छात्राओं को NSS के माध्यम से समाज सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और जनजागरूकता सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य बीडी चांडक ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से NSS की विभिन्न गतिविधियों में सक्रियता से भाग लेने का आह्वान किया।
‘नॉट मी, बट यू’ का समझाया महत्व
महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. अनिल भतपहरी ने NSS स्वयंसेवकों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग और सेवा भावना विकसित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं NSS कार्यक्रम अधिकारी सुश्री निहारिका शोरी ने योजना की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने विशेष शिविर, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता एवं सामुदायिक सेवा जैसे कार्यक्रमों में स्वयंसेविकाओं की भूमिका समझाते हुए NSS के आदर्श वाक्य ‘Not Me But You’ का महत्व बताया।
सविता दल नायिका, रतनी कोर्राम उप दल नायिका
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की रासेयो इकाई के लिए सविता वड्डे को दल नायिका एवं रतनी कोर्राम को उप दल नायिका चयनित किया गया। चयन के बाद स्वयंसेविकाओं में नई जिम्मेदारी और उत्साह दिखाई दिया।
समाज और राष्ट्र सेवा का लिया संकल्प
कार्यक्रम में शामिल 115 स्वयंसेविकाओं ने समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने और NSS की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन स्वयंसेविकाओं रूबी देहारी एवं रवीना राणा ने किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं अतिथि व्याख्याताओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आयोजन ने छात्राओं को शिक्षा के साथ सामाजिक सेवा और सामुदायिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का संदेश दिया।
