नारायणपुर

अबूझमाड़ में खेल से बदल रही तस्वीर, बैडमिंटन लीग में दिखा उत्साह

वन मंत्री केदार कश्यप ने खिलाड़ियों से की मुलाकात, टॉस कर बढ़ाया हौसला

नारायणपुर। अबूझमाड़ में खेलों के जरिए युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को मंच देने की पहल के तहत आयोजित अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 के दूसरे दिन शुक्रवार को रोमांच के साथ उत्साह भी नजर आया। प्रतियोगिता में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद मंत्री कश्यप ने आयोजन को संबोधित करते हुए अबूझमाड़ में खेल गतिविधियों के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं।

छह टीमों के खिलाड़ियों से किया संवाद

मंत्री कश्यप ने लीग में भाग ले रही सभी छह टीमों के टीम स्वामियों और खिलाड़ियों से सौजन्य भेंट की। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। मंत्री ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का जरिया भी है।

मंत्री ने कराया टॉस, शुरू हुआ रोमांचक मुकाबला

इसके बाद मंत्री कश्यप ने कुतुल नाइट राइडर्स और तूलार टाइटन्स के बीच खेले गए मिश्रित युगल मुकाबले का टॉस कराया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, वहीं दर्शकों ने भी तालियों और उत्साह के साथ खिलाड़ियों का समर्थन किया।

खेल के जरिए सकारात्मक बदलाव की पहल

अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग को क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अपनी क्षमता दिखाने के साथ एक-दूसरे से जुड़ने और सकारात्मक वातावरण बनाने का अवसर मिल रहा है। लीग का उद्देश्य खेल, एकता और विश्वास के माध्यम से अबूझमाड़ में सकारात्मक बदलाव की नई कहानी लिखना है। दूसरे दिन भी विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और दर्शकों में खासा उत्साह रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button