नारायणपुर प्रेस क्लब की नई टीम ने संभाली कमान
मंत्री केदार कश्यप, कलेक्टर, एसपी और जनसंपर्क अधिकारी से की मुलाकात; पत्रकार हित, सुरक्षा और जनसरोकारों पर हुई चर्चा

नारायणपुर। नारायणपुर प्रेस क्लब की नवगठित कार्यकारिणी ने जिम्मेदारी संभालने के बाद अपनी गतिविधियों को गति देते हुए जिले के प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद की शुरुआत की। इसी क्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिला जनसंपर्क अधिकारी संतकुमार कच्छप, पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल, कलेक्टर नम्रता जैन तथा नारायणपुर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात कर पत्रकार हितों एवं जिले के जनसरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने सभी से सौजन्य मुलाकात के दौरान नारायणपुर प्रेस क्लब के गठन, उसके उद्देश्यों और नवगठित कार्यकारिणी की जानकारी साझा की तथा पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सूची सौंपी।
जनसंपर्क अधिकारी से बेहतर समन्वय पर चर्चा

नारायणपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारी सबसे पहले जिला जनसंपर्क कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जिला जनसंपर्क अधिकारी संतकुमार कच्छप से मुलाकात की। प्रेस क्लब के गठन एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए नवगठित कार्यकारिणी की सूची सौंपी गई। इस दौरान मीडिया और जनसंपर्क विभाग के बीच बेहतर समन्वय, सूचनाओं के आदान-प्रदान तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने पर चर्चा हुई। जिला जनसंपर्क अधिकारी ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए सकारात्मक पत्रकारिता में भूमिका निभाने की उम्मीद जताई।
एसपी से मुलाकात, पत्रकार सुरक्षा पर भी चर्चा

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल से मुलाकात की। प्रेस क्लब की संरचना एवं सदस्यों की जानकारी साझा करते हुए कार्यकारिणी की सूची सौंपी गई। चर्चा के दौरान पत्रकारिता और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि समाचार संकलन एवं प्रकाशन में तथ्यपरकता, निष्पक्षता और नियमों का पालन प्राथमिकता रहेगी। एसपी ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।
कलेक्टर से जनहित के मुद्दों पर संवाद

कलेक्टर नम्रता जैन से मुलाकात के दौरान नारायणपुर प्रेस क्लब की नवगठित कार्यकारिणी का परिचय कराया गया और पदाधिकारियों की सूची सौंपी गई। प्रतिनिधिमंडल ने जिले में पत्रकारिता से जुड़े विषयों के साथ स्थानीय जनहित के मुद्दों को भी सामने रखा। कलेक्टर ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय की आवश्यकता पर सकारात्मक चर्चा की।
मंत्री केदार कश्यप के समक्ष रखी पत्रकार हितों की बात

इसी क्रम में नारायणपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नारायणपुर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें प्रेस क्लब के गठन की जानकारी देते हुए नवगठित कार्यकारिणी की सूची सौंपी। चर्चा में पत्रकार हित, पत्रकार सुरक्षा और पत्रकार सुरक्षा कानून से जुड़े विषय प्रमुखता से उठाए गए।
प्रेस क्लब की ओर से पत्रकारों के हित में आवश्यक सहयोग एवं सकारात्मक पहल की अपेक्षा भी रखी गई। मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर प्रेस क्लब की नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों के हित में सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रेस क्लब पत्रकारों के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ ही जिले के जनहित और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता का संकल्प
नारायणपुर प्रेस क्लब की ओर से कहा गया कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, पत्रकारिता से जुड़े हितों एवं समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना तथा जनहित के मुद्दों को निष्पक्षता, तथ्यपरकता और जिम्मेदारी के साथ सामने लाना है।
प्रशासन, पुलिस और जनप्रतिनिधियों के साथ हुई ये मुलाकातें नारायणपुर प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी की सक्रिय शुरुआत के रूप में देखी जा रही हैं। नई टीम ने आने वाले समय में पत्रकार हितों के साथ-साथ जिले के जनसरोकारों को प्राथमिकता देने की दिशा में कार्य करने की बात कही है।

