नारायणपुर

अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में नहीं आएगी आर्थिक बाधा

नारायणपुर में नि:शुल्क पीएससी-व्यापम आवासीय कोचिंग सेंटर शुरू, 50 अभ्यर्थियों को आवास, भोजन और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

नारायणपुर। जिले के प्रतिभावान युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिला खनिज संस्थान न्यास निधि से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संचालित नि:शुल्क पीएससी एवं व्यापम आवासीय कोचिंग सेंटर का शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री टंकराम वर्मा तथा वन मंत्री केदार कश्यप ने शुभारंभ किया। इस दौरान मंत्रियों ने चयनित अभ्यर्थियों को बैग, कॉपी, पुस्तक, पेन सहित आवश्यक पाठ्य सामग्री का किट भी वितरित किया।

50 युवाओं को मिलेगी पूरी सुविधा

आवासीय कोचिंग सेंटर में जिले के चयनित 50 अभ्यर्थियों को नि:शुल्क आवास, भोजन और अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। चयनित विद्यार्थियों में 26 बालिकाएं और 24 बालक शामिल हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विषय विशेषज्ञों द्वारा नियमित कक्षाएं संचालित कर पीएससी, व्यापम सहित विभिन्न परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा।

पढ़ाई के लिए मिलेगा अनुकूल माहौल

जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के ऐसे प्रतिभावान युवाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक अथवा अन्य कारणों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन और मार्गदर्शन हासिल नहीं कर पाते। आवासीय व्यवस्था के साथ नियमित कक्षाएं, अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन अभ्यर्थियों की तैयारी को मजबूत करने में मददगार होगा।

मंत्रियों ने बांटी अध्ययन सामग्री

कोचिंग सेंटर के शुभारंभ अवसर पर प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री के किट वितरित किए। किट में बैग, कॉपी, पुस्तक, पेन सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल रही। इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जरूरी अध्ययन सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी।

आदिवासी विकास विभाग होगा क्रियान्वयन एजेंसी

कोचिंग सेंटर के संचालन के लिए सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, नारायणपुर को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ने के लिए गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और अनुकूल अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना है।

ये रहे मौजूद

शुभारंभ कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, छोटेडोंगर सरपंच संध्या पवार, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी लुपेंद्र महिनाग, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ पांडे, सहायक आयुक्त तनुजा नाग सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button