बस्तर

विस्फोटक विनष्टीकरण के दौरान हादसा, चार जवान घायल

एलार्मडगु कैंप के पास बोदराजपदर नाला क्षेत्र में दुर्घटना, दो की हालत गंभीर; कोन्टा अस्पताल में उपचार जारी

सुकमा। जिले में विस्फोटकों के सुरक्षित विनष्टीकरण के दौरान गुरुवार को दुर्घटना हो गई। हादसे में सीआरपीएफ के चार जवान घायल हो गए। इनमें दो जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो को सामान्य चोटें बताई गई हैं। सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद शासकीय अस्पताल कोन्टा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर को सीआरपीएफ कोन्टा रेंज के अंतर्गत पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा एवं एलार्मडगु कैंपों के निरीक्षण तथा वहां रखे अनसर्विसिबल और शेष बचे विस्फोटकों के सुरक्षित विनष्टीकरण के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) 50वीं वाहिनी सीआरपीएफ के एलार्मडगु कैंप पहुंची थी।

विस्फोटक का अंश उड़कर पास में गिरा, हुआ ब्लास्ट

थाना भेज्जी क्षेत्र के एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास सुरक्षा मानकों के तहत विस्फोटकों के विनष्टीकरण की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान दुर्घटनावश एक विस्फोटक का अंश/बम उड़कर समीप में जा गिरा और ब्लास्ट हो गया। अचानक हुए विस्फोट की चपेट में आकर विनष्टीकरण प्रक्रिया और सुरक्षा ड्यूटी में तैनात चार अधिकारी-जवान घायल हो गए।

दो को गंभीर चोट, दो को सामान्य चोट

हादसे में ASI एम.के. तिवारी और ASI अनीश खान को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें बताई गई हैं।

घटना के तत्काल बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और उन्हें शासकीय अस्पताल कोन्टा ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल जवानों को आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और घायलों का उपचार जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button