नारायणपुर

नारायणपुर: योजनाओं का संदेश लेकर मंच पर उतरे विद्यार्थी, नुक्कड़ नाटक से दिया जनजागरूकता का संदेश

पीएम श्री पोर्टा केबिन आवासीय विद्यालय देवगांव में ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम, जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ नक्सल मुक्त जिले का भी दिया संदेश

नारायणपुर। जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अब सिर्फ कागजों और सरकारी प्रचार तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए भी आमजन तक पहुंच रही है। इसी कड़ी में ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत पीएम श्री पोर्टा केबिन आवासीय विद्यालय देवगांव में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और अभियानों का संदेश दिया।

विद्यार्थियों ने अपने अभिनय और प्रभावी संवादों के माध्यम से योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और आमजन को मिलने वाले लाभ को सरल भाषा में प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के दौरान विद्यार्थियों ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि योजनाओं की जानकारी रखना और पात्र होने पर उनका लाभ उठाना प्रत्येक जरूरतमंद परिवार के लिए महत्वपूर्ण है।

स्वच्छता से सौर ऊर्जा तक योजनाओं की दी जानकारी

नुक्कड़ नाटक में स्वच्छ भारत अभियान, पीएम-सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजना जैसे विषयों को शामिल किया गया। विद्यार्थियों ने अभिनय के जरिए स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने तथा स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने तथा पीएम स्वनिधि योजना के जरिए छोटे व्यवसायियों और स्ट्रीट वेंडर्स को मिलने वाले सहयोग की जानकारी भी प्रस्तुति के माध्यम से दी गई।

नक्सल मुक्त जिले के संकल्प को भी जोड़ा

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ नक्सल मुक्त जिला बनाने के संकल्प को भी अपनी प्रस्तुति का हिस्सा बनाया। विद्यार्थियों ने संवादों के माध्यम से बताया कि शांति और विकास की दिशा में शिक्षा, रोजगार, विकास और जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

अभिनय ने खींचा ध्यान, विद्यार्थियों में विकसित हुई सामाजिक जिम्मेदारी

नुक्कड़ नाटक के दौरान विद्यार्थियों के प्रभावी संवाद और अभिनय ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, जनजागरूकता और समाज के प्रति संवेदनशीलता की भावना विकसित करना रहा। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं और जिले में शांति एवं विकास के प्रयासों की जानकारी सरल माध्यम से आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि जागरूक नागरिक ही योजनाओं का सही लाभ लेकर विकास की प्रक्रिया को मजबूत बना सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button