नारायणपुर

आकस्मिक हालात में तुरंत मोर्चा संभालेंगे जवान

एसपी संदीप कुमार पटेल ने रक्षित आरक्षी केंद्र का किया वार्षिक निरीक्षण, बलवा व आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों की ली जानकारी

नारायणपुर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने रक्षित आरक्षी केंद्र, नारायणपुर का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस बल की प्रशासनिक एवं ऑपरेशनल तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आकस्मिक एवं आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस बल की त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना रहा। इस दौरान एसपी ने जवानों को अनुशासन, सतर्कता और ड्यूटी के प्रति सजगता बनाए रखने के निर्देश दिए।

 

शाखाओं और अभिलेखों का बारीकी से किया निरीक्षण

वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने रक्षित आरक्षी केंद्र की विभिन्न शाखाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। संबंधित शाखाओं में संधारित अभिलेख, दस्तावेज एवं आवश्यक रजिस्टरों की जांच की गई। उन्होंने रिकॉर्ड के व्यवस्थित एवं अद्यतन संधारण पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने केंद्र में उपलब्ध पुलिस बल, ड्यूटी व्यवस्था तथा आकस्मिक परिस्थितियों में तत्काल बल की तैनाती से जुड़ी तैयारियों की भी समीक्षा की।

बलवा और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई पर जोर

निरीक्षण के दौरान जवानों को बलवा एवं अन्य आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की प्रक्रिया के संबंध में ब्रीफ किया गया। इसमें भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल की तत्परता तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल को तत्काल उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में जवान संयम, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई करें। उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए कम से कम समय में आवश्यक पुलिस बल को मौके पर तैनात करने की क्षमता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

हर परिस्थिति में सतर्क रहने की हिदायत

एसपी ने पुलिस बल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और ड्यूटी के प्रति सजगता को प्राथमिकता देने की बात कही। जवानों को निर्धारित नियमों और विभागीय निर्देशों का पालन करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान सतर्कता, समयबद्धता और अनुशासन बनाए रखना जरूरी है। कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी परिस्थिति में पुलिस बल को तत्काल प्रतिक्रिया के लिए तैयार रहना चाहिए।

कमियों को समय पर दूर करने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने रक्षित आरक्षी केंद्र की व्यवस्थाओं एवं पुलिस बल की तैयारियों की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया। उन्होंने आवश्यक कमियों को समय रहते दूर करने तथा उपलब्ध संसाधनों एवं बल को हर परिस्थिति में प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान रक्षित निरीक्षक मोहसिन खान सहित रक्षित आरक्षी केंद्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button