सड़क के गड्ढों पर जनसहयोग का मरहम, श्रमदान से बदली कुमारपारा चौक की तस्वीर
सेवा संकल्प अभियान के तहत पार्षदों और वार्डवासियों ने मिलकर भरे बड़े-बड़े गड्ढे, किसी ने दी गिट्टी तो किसी ने सीमेंट-रेती; श्रमदान कर दिया जिम्मेदार नागरिकता का संदेश

नारायणपुर। शहर के कुमारपारा चौक में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसहयोग और श्रमदान की ऐसी पहल देखने को मिली, जिसने लंबे समय से सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों की समस्या को कुछ ही घंटों में काफी हद तक दूर कर दिया। सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान वार्डवासियों ने नगर के पार्षदों के साथ मिलकर स्वयं आगे आते हुए गड्ढों को भरने का काम किया।

यह मार्ग चांदनी चौक से कुमारपारा की ओर जाने वाला पीडब्ल्यूडी का मार्ग है। लंबे समय से सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए थे, जिससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की स्थिति को देखते हुए वार्डवासियों और पार्षदों ने समस्या के समाधान के लिए प्रशासनिक इंतजार करने के बजाय आपसी सहयोग से पहल करने का निर्णय लिया।

किसी ने दी रेती, किसी ने गिट्टी-सीमेंट, सभी ने किया श्रमदान
सेवा संकल्प अभियान के तहत हुए इस कार्य में जनसहयोग की मिसाल देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दिया। किसी ने रेती उपलब्ध कराई, किसी ने गिट्टी और सीमेंट, तो कई लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्वयं श्रमदान किया। पार्षदों और वार्डवासियों ने मिलकर सड़क के गड्ढों को भरने का काम किया।

इस दौरान पार्षद प्रवीण गोलछा, पार्षद कौशल बघेल, वार्ड के वरिष्ठ नागरिक श्यामलाल कश्यप, राजू यादव, महेंद्र समरथ, दीना यादव और खिरेंद्र पांडे सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सिर्फ गड्ढे नहीं भरे, जिम्मेदारी का संदेश भी दिया
इस पहल को लेकर स्थानीय स्तर पर लोगों की ओर से सराहना की जा रही है। नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक समस्या के समाधान में प्रशासन के साथ-साथ समाज की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। वार्डवासियों ने श्रमदान और संसाधनों के सहयोग से यह संदेश दिया कि शहर की समस्याओं को लेकर नागरिक स्वयं भी जिम्मेदारी निभा सकते हैं।
विशेषकर शहर में स्कूलों, बाजार और अन्य प्रमुख स्थानों की ओर जाने वाले मार्गों पर सड़क की स्थिति सीधे आम लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही को प्रभावित करती है। ऐसे में कुमारपारा चौक पर जनसहयोग से गड्ढे भरने की पहल को स्थानीय लोगों ने सकारात्मक कदम बताया है।
अब स्थायी मरम्मत की उम्मीद
हालांकि जनसहयोग से तत्काल राहत के लिए गड्ढों को भर दिया गया है, लेकिन यह मार्ग पीडब्ल्यूडी के अधीन होने के कारण स्थानीय लोगों को अब सड़क की स्थायी मरम्मत और बेहतर निर्माण की भी उम्मीद है। नागरिकों का कहना है कि गड्ढे दोबारा न बनें, इसके लिए संबंधित विभाग को मार्ग की तकनीकी जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराना चाहिए।
सेवा संकल्प अभियान के तहत कुमारपारा चौक में हुई यह पहल फिलहाल छोटी जरूर है, लेकिन इसने जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी की बड़ी तस्वीर जरूर सामने रखी है।



