पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर मंथन, रोजगार से ECHS तक उठे मुद्दे
जिला सैनिक सम्मेलन में CSD कैंटीन, चिकित्सा सुविधा, शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण और पुनर्वास की मांग; वीर नारियों का सम्मान, कैंसर पीड़ित पूर्व सैनिक को ₹50 हजार की सहायता

जगदलपुर, 30 सितंबर। बस्तर संभाग के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं एवं उनके आश्रितों से जुड़े कल्याण और पुनर्वास के मुद्दों को लेकर बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट, जगदलपुर में जिला सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में जगदलपुर सहित कोंडागांव, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर से आए पूर्व सैनिकों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें रखीं।

CSD कैंटीन से ECHS तक उठे मुद्दे
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर किशोर कुमार हिरवानी ने पूर्व सैनिकों की ओर से कल्याण एवं पुनर्वास से जुड़े विभिन्न मुद्दे सम्मेलन में प्रस्तुत किए। इनमें जगदलपुर में CSD कैंटीन के लिए भूमि आवंटन, पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार के अवसर, शहीद स्मारक का सौंदर्यीकरण और ECHS चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार प्रमुख रहे।

इन सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई और त्वरित पहल का आश्वासन दिया गया।
द्वितीय विश्व युद्ध की वीर नारियों का सम्मान
सम्मेलन के दौरान द्वितीय विश्व युद्ध के वीर नारियों को अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल ने शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं कैंसर से उपचाररत एक पूर्व सैनिक को राज्य सैनिक बोर्ड द्वारा स्वीकृत 50 हजार रुपए की वित्तीय सहायता का चेक प्रदान किया गया।
रोजगार मेलों में भाग लेने की अपील
जिला रोजगार कार्यालय के उप संचालक जयप्रकाश कौशिक ने पूर्व सैनिकों को शासन के निर्धारित आरक्षण के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों की जानकारी देते हुए रोजगार विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे रोजगार मेलों में पूर्व सैनिकों से अधिकाधिक भाग लेने की अपील की।
सम्मानजनक पुनर्वास के लिए प्रशासन ने जताई प्रतिबद्धता
समापन अवसर पर अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल ने राष्ट्र के प्रति पूर्व सैनिकों के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद उनके पुनर्वास और सम्मानजनक रोजगार के लिए जिला प्रशासन एवं राज्य शासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों से संबंधित समस्याओं के निराकरण में आवश्यक सहयोग और समन्वय सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
सम्मेलन में ग्रुप कैप्टन एस.के. पांडेय, मानद कैप्टन के.एल. कोस्ता, वारंट ऑफिसर जगदीश राय, नायब सूबेदार दामू राम, सूबेदार अरविंद सिंह एवं सूबेदार बी.पी. द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हवलदार सुब्रत साहा ने किया।
गैर-शासकीय सदस्यों एवं समाजसेवियों सुबीर नंदी, दशरथ कश्यप, आनंद मोहन मिश्रा एवं संपत झा ने भी पूर्व सैनिकों की समस्याओं और कल्याण से जुड़े विषयों पर सुझाव रखे। सम्मेलन में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं, आश्रितों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों की सहभागिता रही।